Ranchi: राज्य सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने सोमवार को शिक्षा सेवा वर्ग-2 के अधिकारियों के स्थानांतरण और पदस्थापन की अधिसूचना जारी कर दी है. विभाग द्वारा जारी इस सूची में नवनियुक्त अधिकारियों को जिलों की कमान सौंपी गई है, वहीं कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार से नवाजा गया है.
जयंत मिश्र को नई जिम्मेदारी
अधिसूचना के अनुसार, झारखंड अधिविद्य परिषद के सचिव जयंत कुमार मिश्र को अब प्राथमिक शिक्षा निदेशालय, रांची में उप-निदेशक के पद पर तैनात किया गया है. वे अपने नए दायित्वों के साथ-साथ अगले आदेश तक झारखंड अधिविद्य परिषद के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे.
अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारियों की तैनाती
इसी क्रम में, सौरभ कुमार को देवघर का अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी नियुक्त किया गया है, जिन्हें देवघर के ही क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है. कुमारी स्वाती को धनबाद में अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी बनाया गया है और उन्हें धनबाद के क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी की भी अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है. सीमा लकड़ा को लोहरदगा का अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी नियुक्त करते हुए लोहरदगा के ही क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
इसे पढ़ें: रांची में 1 से 3 मई तक लगेगा ‘सांसद स्वदेशी मेला 2026’, 150 से अधिक स्टॉल और निःशुल्क प्रवेश
इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
विभाग ने कई अन्य अधिकारियों को भी विभिन्न क्षेत्रों में पदस्थापित किया है. स्वीटी सुमन को जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम) का क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी बनाया गया है. राकेश कुमार राम को मांडर (रांची) का क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी नियुक्त कर प्राथमिक शिक्षा निदेशालय में प्रतिनियुक्त किया गया है. गुरुआंशु श्रीवास्तव को खूंटी का क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी बनाकर माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में सेवा देने का निर्देश दिया गया है.
अन्य नियुक्तियां और निर्देश
इसके अतिरिक्त, साकेत कुमार तिवारी को डालटेनगंज (पलामू), प्रेमचंद कुमार को पांकी (पलामू) और अनुप कुमार कामती को गढ़वा का क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी नियुक्त किया गया है. सरकार के अपर सचिव द्वारा हस्ताक्षरित इस आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी अपनी सेवा शर्तों के अनुरूप तत्काल प्रभाव से अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे. अधिकारियों के प्रशिक्षण और पदस्थापन के बीच की अवधि को सेवा अवधि माना जाएगा और उनके वेतन का भुगतान उनके नए पदस्थापन स्थल से सुनिश्चित किया जाएगा.
