Lohardaga : लोहरदगा में पहली बार राष्ट्रीय स्तर का नेशनल ट्राइबल मीट आयोजित होने जा रहा है. भारत स्काउट और गाइड, झारखंड राज्य के तत्वावधान में यह पांच दिवसीय कार्यक्रम 6 से 10 अगस्त तक डायट प्रशिक्षण केंद्र, चीरी में आयोजित होगा. इसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए स्काउट और गाइड के प्रतिभागी अपनी जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य, लोकगीत और सांस्कृतिक विरासत की प्रस्तुति देंगे.
कार्यक्रम का उद्घाटन
कार्यक्रम का उद्घाटन 6 अगस्त की शाम 5 बजे पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू करेंगे. इस अवसर पर DC संदीप कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे. भारत स्काउट और गाइड, झारखंड राज्य के प्रशासक अनिल कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समन्वय और युवाओं में नेतृत्व क्षमता के विकास को बढ़ावा देते हैं. वहीं जिला सचिव शैलेंद्र कुमार सुमन ने बताया कि यह सम्मेलन पूरे भारत की जनजातीय संस्कृति को एक मंच पर लाने का अनूठा प्रयास है.

आयोजन की सभी तैयारियां पूरी
आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. प्रतिभागियों के ठहरने, भोजन, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं. सम्मेलन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ जनजातीय कला, परंपरा, जीवनशैली, नेतृत्व विकास और राष्ट्रीय एकता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित होंगे. इस राष्ट्रीय आयोजन से लोहरदगा को देशभर में नई पहचान मिलने की उम्मीद है. स्थानीय लोगों में भी सम्मेलन को लेकर काफी उत्साह है और अगले पांच दिनों तक जिला विविध जनजातीय संस्कृतियों के रंग में रंगा नजर आएगा.

Also Read : झारखंड में कैसा रहेगा आज का मौसम? बारिश, तेज हवा और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी

