Ranchi: झारखंड में आज बुधवार को भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई है. रांची समेत ज्यादातर जिलों में दिनभर बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है. वहीं, कुछ क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
रांची में सामान्य, तो सिंहभूम में 32 डिग्री तक जा सकता है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, रांची में बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. वहीं हजारीबाग, गुमला, रामगढ़ और खूंटी में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच, जबकि गढ़वा, चतरा और पलामू जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और पूर्व-पश्चिमी सिंहभूम व सरायकेला-खरसावां में तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.

अगले पांच दिनों तक जारी रहेगा बारिश का दौर
झारखंड में आने वाले करीब पांच दिनों तक बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है. इस दौरान कई जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है. शुरुआती दिनों में तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन बारिश के प्रभाव से बाद में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है.


