गिरिडीह: गिरिडीह जिले में विद्युत समस्याओं को लेकर मंगलवार को माले नेताओं ने विद्युत अधीक्षण अभियंता शकील आलम से मुलाकात कर सरिया एवं गिरिडीह क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की. इस दौरान माले नेता राजेश सिन्हा और विशाल गंभीर ने आम उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों को प्रमुखता से उठाया.

खुले तारों को शीघ्र केबल में बदलने की मांग
मुलाकात के दौरान राजेश सिन्हा ने गिरिडीह क्षेत्र में खुले (नंगे) तारों की समस्या को गंभीर बताते हुए उन्हें शीघ्र केबल में बदलने की मांग की. उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर घरों के ऊपर से 11 हजार वोल्ट के तार गुजर रहे हैं, जो दुर्घटना का बड़ा कारण बन सकते हैं. ऐसे तारों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि संभावित हादसों से बचा जा सके.
क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति में सुधार आएगा
वहीं, विशाल गंभीर ने सरिया नगर पंचायत क्षेत्र में चल रहे फीडर निर्माण कार्य के कारण दिनभर हो रही बिजली कटौती का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि लगातार बिजली बाधित रहने से आम जनता के साथ-साथ व्यापारी वर्ग और छात्रों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इस पर अधीक्षण अभियंता शकील आलम ने नेताओं को आश्वस्त किया कि फीडर निर्माण कार्य उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए ही किया जा रहा है और इसे जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि बगोदर में अतिरिक्त पावर सब-स्टेशन (PSS) और सरिया में नए ट्रांसफॉर्मर से संबंधित कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति में सुधार आएगा.
उन्होंने यह भी कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से सरिया, बगोदर एवं बिरनी क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिलेगी और छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए गिरिडीह आने की आवश्यकता भी नहीं पड़ेगी. अधीक्षण अभियंता ने भरोसा दिलाया कि विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा. मौके पर माले नेता सुमित कुमार बर्नवाल भी मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: पचम्बा में सड़क जाम पर नगर निगम का विशेष अभियान: अतिक्रमण हटाया, लोगों की समस्याएं भी आईं सामने
