Hazaribagh: विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन हजारीबाग द्वारा सदर अस्पताल स्थित नए ओपीडी भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया. शिविर के दौरान कुल 70 यूनिट रक्त का संग्रहण किया गया.
रक्तदान के प्रति जागरूकता
रक्तदान शिविर का उद्देश्य सदर अस्पताल में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा आमजन को रक्तदान के प्रति जागरूक करना था. इस अवसर पर रक्तदाताओं को उनके सामाजिक योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया.
हर माह लगेगा शिविर
सदर अस्पताल में रक्त की निरंतर उपलब्धता बनाए रखने के उद्देश्य से भविष्य में प्रत्येक माह इस प्रकार के रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा. प्रशासन ने सभी नागरिकों से आगे भी ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा रक्तदान के लिए दूसरों को प्रेरित करने की अपील की.
Also Read: SIR के तहत अनमैप्ड मतदाताओं का सत्यापन एवं मैपिंग कार्य का पदाधिकारियों ने किया निरीक्षण
SDO ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय उपस्थित रहे तथा उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सर्वोत्तम माध्यम है. एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.
अधिकारियों की रही सहभागिता
रक्तदान शिविर के सफल आयोजन में सिविल सर्जन अशोक कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी मुरली यादव, कार्यपालक दंडाधिकारी प्रेम कुमार, डीपीएम, अनुमंडल कार्यालय के प्रधान लिपिक गोपाल पासवान, टीपू सुल्तान सहित कई अधिकारियों एवं कर्मियों की सक्रिय सहभागिता रही.
प्रशासन ने जताया आभार
जिला प्रशासन हजारीबाग ने रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं, स्वयंसेवी संगठनों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ही जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकता है. प्रशासन ने भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी अभियानों में सहयोग बनाए रखने की अपील की.


