चतरा में नाबालिग बच्चियों की तस्करी की कोशिश नाकाम, दो दलाल गिरफ्तार

Chatra: जिले में मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वशिष्ठनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने...

Chatra: जिले में मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वशिष्ठनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने दो नाबालिग बच्चियों की तस्करी की कोशिश को विफल करते हुए दो दलालों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि दोनों तस्कर बच्चियों को काम दिलाने के नाम पर दूसरे प्रदेश ले जाकर बेचने की योजना बना रहे थे. लेकिन इसी बीच पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया.

काम का झांसा देकर ले जाने की थी तैयारी

गिरफ्तार आरोपियों में प्रतापपुर थाना क्षेत्र के भूगढ़ा निवासी प्रमोद बैगा तथा जोगियारा निवासी विकास कुमार शामिल हैं. विकास कुमार टेंपो चालक बताया जा रहा है. इस संबंध में एक नाबालिग बच्ची के चाचा के आवेदन पर वशिष्ठनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है.

Also Read: ट्रेजरी घोटाला: बोकारो पुलिस कार्यालय के अकाउंटेंट को रिमांड पर पूछताछ के लिए लाया गया साइबर थाना, डीएसपी कर रही पूछताछ

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई

एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि सोमवार की सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि दो नाबालिग बच्चियों को काम दिलाने का झांसा देकर जोरी के रास्ते दूसरे प्रदेश ले जाया जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और थाना के समीप घेराबंदी कर वाहन की जांच शुरू की गई. जांच के दौरान दोनों बच्चियों को बरामद कर रेस्क्यू कर लिया गया, जबकि साथ मौजूद दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ में तस्करी की आशंका सामने आने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया.

SP ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

मामले को लेकर एसपी अनिमेष नैथानी ने कहा कि जिले में मानव तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस विशेष रूप से नाबालिग बच्चों और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर सतर्क है. उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को काम दिलाने, पढ़ाई कराने या बेहतर भविष्य का झांसा देकर दलाल सक्रिय रहते हैं, इसलिए अभिभावकों को जागरूक रहने की जरूरत है.

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

एसपी ने कहा कि मानव तस्करी एक गंभीर अपराध है. पुलिस ऐसे गिरोहों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय थाना या पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और इस मामले में जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *