Ranchi: आमतौर पर कानून-व्यवस्था संभालने वाली पुलिस अब नीलामी की भूमिका में नजर आएगी. नेतरहाट स्थित जंगल वारफेयर स्कूल परिसर में इस बार नाशपाती बागानों की नीलामी पुलिस की निगरानी में कराई जाएगी, जिससे यह आयोजन खास चर्चा का विषय बन गया है. पुलिस उप-महानिरीक्षक सह प्राचार्य, जंगल वारफेयर स्कूल द्वारा गठित समिति की देखरेख में 4 जून 2026 को सुबह 11 बजे प्रशासनिक भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में नीलामी प्रक्रिया शुरू होगी. इस दौरान पुलिस अधिकारी पूरी पारदर्शिता के साथ बोली की प्रक्रिया को संचालित करेंगे.

562 पेड़ों के फलों पर लगेगी बोली:
नीलामी में स्कूल परिसर के तीन बागानों को शामिल किया गया है, जिनमें कुल 562 नाशपाती के पेड़ हैं. ये बागान अलग-अलग लोकेशन पर स्थित हैं और इन्हें एक साथ नीलाम किया जाएगा.
– बागान ‘A’ – 305 पेड़ (न्यूनतम बोली 50,000 रुपया)
– बागान ‘B’ – 66 पेड़ (न्यूनतम बोली 9.82 लाख)
– बागान ‘C’ – 191 पेड़
क्यों खास है यह नीलामी
इस नीलामी को खास इसलिए माना जा रहा है क्योंकि इसे सीधे तौर पर पुलिस प्रशासन द्वारा संचालित किया जा रहा है. आमतौर पर ऐसी नीलामी कृषि या वन विभाग के माध्यम से होती है, लेकिन यहां पुलिस की भूमिका इसे अलग और दिलचस्प बना रही है.
सख्त नियमों के साथ होगी बोली:
नीलामी में भाग लेने वाले इच्छुक व्यक्तियों को पहले जमानत राशि जमा करनी होगी। साथ ही पहचान पत्र और आवास प्रमाण से जुड़े दस्तावेज भी प्रस्तुत करने होंगे. सफल बोलीदाता की जमानत राशि जब्त कर ली जाएगी, जबकि बाकी प्रतिभागियों को वापस कर दी जाएगी. बोली में भाग लेने से पहले इच्छुक लोग समिति की अनुमति लेकर बागानों का निरीक्षण भी कर सकते हैं, ताकि वे सही आकलन के साथ बोली लगा सकें.
व्यापारियों के लिए मौका, चर्चा में पुलिस की नई भूमिका:
नेतरहाट की नाशपाती अपनी गुणवत्ता के लिए जानी जाती है. ऐसे में यह नीलामी स्थानीय व्यापारियों और फल कारोबारियों के लिए बड़ा अवसर है. वहीं, पुलिस की इस नई भूमिका ने पूरे आयोजन को और ज्यादा रोचक और चर्चा का विषय बना दिया है.
