झारखंड में मौसम का अलर्ट : अगले सात दिन रहें सावधान, गरज चमक के साथ आंधी और बारिश भी
Ranchi : झारखंड में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल चुका है. बंगाल की खाड़ी और उत्तर प्रदेश के ऊपर बने...
Ranchi : झारखंड में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल चुका है. बंगाल की खाड़ी और उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती सिस्टम के कारण राज्य के कई क्षेत्रों में आसमान में काले बादलों का डेरा है. मौसम विभाग ने अगले सात दिनों (19 से 25 मई तक) के लिए राज्य में भारी आंधी-तूफान, वज्रपात (आकाशीय बिजली) और तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग के अनुसार सिमडेगा के ठेठईटांगर में सबसे अधिक 50.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. डाल्टनगंज 41 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा. जबकि गुमला एडब्ल्यूएस में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
19 मई : उत्तर-पश्चिमी और हजारीबाग-कोडरमा को छोड़कर बाकी राज्य में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और बिजली गिरने की आशंका है. वहीं पूर्वी भागों और बोकारो-धनबाद में हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है.
20 मई : राज्य के मध्य और दक्षिणी जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली आंधी और वज्रपात की संभावना है.
21 और 22 मई : इन दो दिनों में पश्चिमी झारखंड को छोड़कर पूरे राज्य में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली कड़कने का अलर्ट है.
23 मई : रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, कोडरमा, हजारीबाग और चतरा में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. वहीं लोहरदगा, गुमला और खूंटी समेत दक्षिणी हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
24 और 25 मई : 24 मई को उत्तर-पश्चिमी इलाकों को छोड़कर पूरे राज्य में, जबकि 25 मई को पूरे झारखंड में कहीं-कहीं गरज चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और वज्रपात होने की संभावना जताई गई है.
सम्बंधित ख़बरें
