Chakradharpur: मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जा रहा है.
परिवार के साथ भरा गणना प्रपत्र
इसी क्रम में गुरुवार को चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव ने अपने परिवार के साथ गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को सौंपा. इस अवसर पर चक्रधरपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी कांचन मुखर्जी, सहायक गोदाम प्रबंधक सोमा पूर्ति, बीएलओ तथा अन्य कर्मी उपस्थित रहे. मौके पर विधायक सुखराम उरांव ने चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं से भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की.
Read Also: JPSC मेन्स परीक्षा के लिए आज से आवेदन शुरू, 2204 अभ्यर्थी देंगे 18 जुलाई से परीक्षा

मतदाताओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील
उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता अपने घर पर बीएलओ के माध्यम से प्राप्त गणना प्रपत्र को सावधानीपूर्वक भरकर निर्धारित समय के भीतर संबंधित बीएलओ को वापस करें, ताकि मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके. उन्होंने कहा कि मतदान प्रत्येक भारतीय नागरिक का संवैधानिक अधिकार होने के साथ-साथ लोकतंत्र के प्रति एक महत्वपूर्ण दायित्व भी है. इसलिए सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में दर्ज अपने विवरण का सत्यापन कर आवश्यक संशोधन सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे. प्रशासन की ओर से बताया गया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं.


