गिरिडीह में अग्निशमन सेवा सप्ताह पर समाहरणालय परिसर में मॉक ड्रिल, उपायुक्त ने लिया सक्रिय भाग

      Giridih: अग्निशमन सेवा सप्ताह के अवसर पर शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में पूर्वाह्न 11:30 बजे से एक व्यापक मॉक...

 

 

 

Giridih: अग्निशमन सेवा सप्ताह के अवसर पर शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में पूर्वाह्न 11:30 बजे से एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य आग जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की तैयारियों का आकलन करना तथा अधिकारियों एवं कर्मियों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित करना था.

उपायुक्त ने मॉक ड्रिल में लिया भाग, तैयारियों का किया अवलोकन

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त श्री रामनिवास यादव ने स्वयं मॉक ड्रिल में भाग लेते हुए पूरी प्रक्रिया को बारीकी से समझा और विभिन्न चरणों का अवलोकन किया. उन्होंने अग्निशमन दल की त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वय और तकनीकी दक्षता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी मॉक ड्रिल न केवल अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैयारियों का मूल्यांकन करती है, बल्कि वास्तविक आपदा की स्थिति में जान-माल की क्षति को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.

काल्पनिक अग्निकांड पर किया गया अभ्यास

मॉक ड्रिल के दौरान एक काल्पनिक अग्निकांड की स्थिति उत्पन्न की गई, जिसमें समाहरणालय पोर्टिको के पास पेट्रोल डालकर नियंत्रित तरीके से आग लगाई गई. इसके बाद अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर निर्धारित मानकों के अनुरूप आग बुझाने की पूरी प्रक्रिया का सफल प्रदर्शन किया. इस दौरान फायर एक्सटिंग्विशर, पानी एवं अन्य उपकरणों के माध्यम से आग पर काबू पाने की विभिन्न तकनीकों का अभ्यास कराया गया.

विभागों को अग्निशमन यंत्रों की जांच के निर्देश

उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने कार्यालयों में अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता की नियमित जांच सुनिश्चित करें। साथ ही, प्रत्येक कार्यालय में आपातकालीन निकासी योजना स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने पर भी जोर दिया.

अधिकारियों एवं कर्मियों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्रीमती स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता श्री बिजय सिंह बीरूआ, डीआरडीए निदेशक श्री रंथू महतों, जिला नजारत उप समाहर्ता श्री आशुतोष ठाकुर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती अंजना भारती, जिला भू अर्जन पदाधिकारी श्रीमती नीतू कुमारी सहित समाहरणालय के कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.

Also Read: नारीशक्ति वंदन अधिनियम का करें समर्थन, आधी आबादी को मिले उसका अधिकार : प्रधानमंत्री

अग्नि सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील

अग्निशमन पदाधिकारी श्री रवि रंजन सिंह ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों एवं कार्यस्थलों पर अग्नि सुरक्षा के उपायों को अपनाएं. उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर का सुरक्षित उपयोग, विद्युत तारों की नियमित जांच और ज्वलनशील पदार्थों को सावधानीपूर्वक रखने जैसी छोटी-छोटी बातें बड़ी दुर्घटनाओं को रोकने में सहायक होती हैं. जिला प्रशासन आपदा प्रबंधन को लेकर पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *