Ranchi : झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. शनिवार को कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा ने विधानसभा सचिवालय से अपना नामांकन पत्र खरीदा. इस दौरान उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की. प्रणव झा सोमवार (8 जून) को औपचारिक रूप से अपना नामांकन दाखिल करेंगे.
नामांकन पत्र खरीदने के दौरान कांग्रेस के भीतर की एकजुटता साफ दिखाई दी. इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, दीपिका पांडेय सिंह, राजेश कच्छप और शिल्पी नेहा तिर्की समेत कई प्रमुख नेता उनके साथ मौजूद रहे. नेताओं ने दावा किया कि गठबंधन पूरी मजबूती के साथ इस सीट पर जीत दर्ज करेगा.

रणनीति बनाने रांची पहुंच रहे भूपेश बघेल
इस चुनावी जंग को फतह करने और गठबंधन के सहयोगियों के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए कांग्रेस आलाकमान ने भी अपनी ताकत झोंक दी है. पार्टी के वरिष्ठ नेता और पर्यवेक्षक भूपेश बघेल और अजय शर्मा विशेष तौर पर रांची पहुंच रहे हैं. रांची आगमन के बाद दोनों पर्यवेक्षक मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे. इस हाई प्रोफाइल बैठक में चुनाव की अंतिम रणनीति, मतों के समीकरण और गठबंधन दलों के बीच समन्वय को अंतिम रूप दिया जाएगा.
ALSO READ : झारखंड राज्यसभा चुनाव में ‘संख्या का खेल’ नहीं, विधायकों की वफादारी की होगी असली परीक्षा
