Palamu: पलामू जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत जोरकट में विनीत तिवारी नामक युवक का नग्न शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. शनिवार शाम करीब 7:30 बजे विनीत का अपहरण कर लिया गया था और अपहरण की यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई थी. घटना के तुरंत बाद परिजनों ने पुलिस प्रशासन और एसपी से न्याय की गुहार लगाई थी, लेकिन अगले ही दिन युवक का शव मिलने से स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है.
जमीन विवाद में नामजद आरोपी
परिजनों द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार यह पूरा मामला लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है. परिजनों ने अपने लिखित आवेदन में स्पष्ट रूप से विनीत के पड़ोस में रहने वाले प्रदीप तिवारी और रौशन तिवारी को नामजद अभियुक्त बनाया है. आवेदन के आधार पर इन दोनों युवकों के विरुद्ध नामजद मामला दर्ज कर लिया गया है, हालांकि वर्तमान में दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं.
ALSO READ: भीषण गर्मी और लू का कहर: सफाई कर्मियों के कार्य-समय में बदलाव की मांग, नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
जांच में जुटी पुलिस
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने स्वयं घटनास्थल का मुआयना किया और मामले की गंभीरता को देखते हुए स्निफर डॉग की मदद से साक्ष्य जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं. एसपी ने सख्त लहजे में कहा है कि जमीन विवाद की आड़ में अपराधीकरण को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस ने घटनास्थल से एक कार भी बरामद की है, जिसे जांच के दायरे में रखा गया है. पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि इस जघन्य अपराध से जुड़ी कोई भी जानकारी उनके पास हो तो वे पुलिस के साथ साझा करें, उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.
