Ranchi: न्यू पुंदाग के जगन्नाथ विहार रोड नंबर-11 ए निवासी व्यवसायी सोनू कुमार सोनी के घर में बीती रात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया. इस घटना में चोरों ने घर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर दीवान (पलंग) के बॉक्स में रखे साढ़े सात लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने, अलमारी से चांदी के गहने और 1.55 लाख रुपये नगद की चोरी कर ली. 1.55 लाख रुपये व्यवसायी ने कार खरीदने के लिए रखे थे. शनिवार रात 11 बजे से 1 बजे के बीच घटना को अंजाम दिया गया.
CCTV में कैद हुए संदिग्ध
घटना के बाद एक स्कूटी पर भागते हुए चोरों का फुटेज सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है. फुटेज में एक स्कूटी पर सवार तीन व्यक्ति दिखाई दे रहे हैं. इस संबंध में व्यवसायी ने पुंदाग ओपी में चोरी का आवेदन दिया है, जिसके आधार पर जगन्नाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
फिंगर प्रिंट टीम ने की जांच
सूचना मिलने के बाद पुंदाग ओपी की पुलिस और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम व्यवसायी के घर पहुंची और पूरे मामले की जांच की. घटना के समय व्यवसायी का परिवार किसी काम से पटना गया हुआ था.
Also Read: रांची के 21 केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुई NEET परीक्षा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
परिवार के बाहर रहने का उठाया फायदा
इस संबंध में व्यवसायी के रिश्तेदार सुरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि सोनू कुमार सोनी की सेल सिटी रोड में खुशी एल्युमिनियम नाम से दुकान है. वे लोग किसी काम से पटना गए थे. घर में ताला लगा हुआ था. घर खाली रहने का लाभ चोरों ने उठाया और घटना को अंजाम दिया.
पड़ोसियों ने घटना की जानकारी सोनू कुमार सोनी को फोन पर दी. इसके बाद उन्होंने अपने रिश्तेदार सुरेंद्र कुमार वर्मा को इसकी सूचना दी. सुरेंद्र कुमार वर्मा ने पुंदाग पुलिस को घटना की जानकारी दी.
लगातार हो रही हैं चोरी की घटनाएं
पुंदाग पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. उल्लेखनीय है कि पुंदाग इलाके में लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है. पिछले सप्ताह आईआरबी हवलदार सुनील कुमार पासवान के घर भी चोरी हुई थी. उस समय उनकी पत्नी और दो बच्चे घर में सोए हुए थे. चोर छत के रास्ते घर में घुसे थे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया था.


