Hazaribagh: शहर में रोजगार, स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण के नए अवसर विकसित करने की दिशा में सोमवार को महत्वपूर्ण पहल की गई. दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत हजारीबाग नगर निगम के लिए तैयार किए जा रहे सिटी लाइवलीहुड एक्शन प्लान को लेकर फोकस ग्रुप डिस्कशन का आयोजन किया गया. इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वयं सहायता समूहों, स्ट्रीट वेंडर्स और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर शहर की आजीविका संबंधी चुनौतियों और संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की.
चार माह के सर्वेक्षण के बाद जमीनी जरूरतों पर हुई चर्चा
बैठक में बताया गया कि सिटी लाइवलीहुड एक्शन प्लान तैयार करने की प्रक्रिया पिछले चार महीनों से चल रही है. इस दौरान नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण किया गया, जिसमें शहरी गरीब परिवारों, महिलाओं, युवाओं, स्ट्रीट वेंडर्स और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की आजीविका स्थिति का आकलन किया गया. फोकस ग्रुप डिस्कशन का मुख्य उद्देश्य सर्वेक्षण से प्राप्त निष्कर्षों का जमीनी स्तर पर सत्यापन करना और समुदायों की वास्तविक आवश्यकताओं को योजना में शामिल करना था.
युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास बना प्रमुख मुद्दा
चर्चा के दौरान प्रतिभागियों ने कहा कि शहर में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सीमित हैं और उपलब्ध कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम बाजार की मांग के अनुरूप नहीं हैं. इस पर सुझाव दिया गया कि मांग आधारित कौशल विकास कार्यक्रम संचालित किए जाएं तथा प्रशिक्षण के साथ रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. प्रतिभागियों ने युवाओं को स्थानीय उद्योगों और सेवा क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित करने पर विशेष जोर दिया.
स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने की मांग
बैठक में स्वरोजगार और छोटे उद्यमों के विकास को लेकर भी महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए. प्रतिभागियों ने कहा कि युवाओं और महिलाओं को व्यवसाय शुरू करने के लिए आसान ऋण सुविधा, बाजार से जुड़ाव और व्यवसाय विकास सेवाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए. इससे न केवल नए उद्यम स्थापित होंगे, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे.
स्ट्रीट वेंडर्स और असंगठित श्रमिकों की समस्याएं भी उठीं
फोकस ग्रुप डिस्कशन में स्ट्रीट वेंडर्स और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की समस्याओं पर भी गंभीरता से चर्चा की गई. प्रतिभागियों ने इनके लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने, वित्तीय सेवाओं तक पहुंच बढ़ाने और व्यवसाय संचालन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की. इस दौरान सुझाव दिया गया कि इन वर्गों को योजनाओं से जोड़कर उनकी आय और सामाजिक सुरक्षा दोनों को मजबूत किया जाए.
महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर
बैठक में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर विशेष बल दिया गया. वक्ताओं ने स्वयं सहायता समूहों, सूक्ष्म उद्यमों और कौशल उन्नयन कार्यक्रमों को मजबूत करने की आवश्यकता बताई. प्रतिभागियों का मानना था कि महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने से परिवारों की आय बढ़ेगी और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी.
समन्वित प्रयासों से बनेगा टिकाऊ आजीविका मॉडल
बैठक में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय, सामुदायिक संस्थाओं को सशक्त बनाने और स्थानीय स्तर पर टिकाऊ आजीविका अवसर विकसित करने पर जोर दिया गया. विशेषज्ञों ने कहा कि विकास योजनाओं की सफलता के लिए सभी हितधारकों की सहभागिता आवश्यक है.
सुझावों के आधार पर तैयार होगा अंतिम एक्शन प्लान
फोकस ग्रुप डिस्कशन से प्राप्त सुझावों को सिटी लाइवलीहुड एक्शन प्लान में शामिल किया जाएगा. योजना का उद्देश्य रोजगार सृजन, आर्थिक समावेशन और उद्यमिता विकास के माध्यम से हजारीबाग के समग्र सामाजिक-आर्थिक विकास को गति देना है.
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में महापौर अरविंद कुमार, नगर निगम के अधिकारी, वार्ड पार्षद, जेएसएलपीएस, जिला उद्योग केंद्र के प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य, स्ट्रीट वेंडर्स और अन्य हितधारक मौजूद रहे. कार्यक्रम को तकनीकी सहयोग नेशनल इंटीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी कालीकट के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन अर्बन प्लानिंग एंड डिजाइन द्वारा प्रदान किया गया.
यह भी पढ़ें: बोकारो: सोशल मीडिया पर उठी बुजुर्ग आदिवासी दंपती की व्यथा, उपायुक्त ने लिया त्वरित संज्ञान



