Ranchi: झारखंड के सभी सरकारी स्कूलों में नई शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) का नए सिरे से गठन किया जाएगा. शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को 30 जुलाई तक यह प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है. नई समिति का कार्यकाल दो साल का होगा.
नई व्यवस्था में अभिभावकों की भूमिका सबसे अहम रहेगी. समिति में प्रधानाध्यापक, एक शिक्षक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता या एएनएम को भी शामिल किया जाएगा. साथ ही समिति में कम से कम 50 फीसदी महिलाएं होंगी. इसके अलावा अध्यक्ष या उपाध्यक्ष में से किसी एक पद पर महिला प्रतिनिधि होना अनिवार्य रहेगा.

छात्रों की संख्या के हिसाब से तय होंगे सदस्य
स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की संख्या के अनुसार समिति का आकार तय किया जाएगा
- 100 तक छात्र वाले स्कूल – 15 सदस्य
- 101 से 500 छात्र वाले स्कूल – 20 सदस्य
- 500 से अधिक छात्र वाले स्कूल – 25 सदस्य
सदस्य बनने के लिए ये शर्तें जरूरी
समिति में वही व्यक्ति शामिल हो सकेगा, जो स्कूल के पोषक क्षेत्र का निवासी हो. उसके खिलाफ कोई पुलिस मामला या विभागीय जांच लंबित नहीं होनी चाहिए. एक ही परिवार के दो लोगों को समिति में जगह नहीं मिलेगी. वहीं कोई भी व्यक्ति लगातार दूसरी बार SMC का अध्यक्ष नहीं बन सकेगा.


