NEWS WAVE EXCLUSIVE- झारखंड पुलिस की राह पर बिहार पुलिस: पिछले 7 महीनों में दोनों राज्यों में 42 अपराधियों का एनकाउंटर, पढ़े पूरी रिपोर्ट

SAURAV SINGH Ranchi: झारखंड और बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का कड़ा रुख देखने को मिल रहा है. कभी अपराधियों के...

SAURAV SINGH

Ranchi: झारखंड और बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का कड़ा रुख देखने को मिल रहा है. कभी अपराधियों के खौफ से जूझने वाले इन दोनों राज्यों में अब पासा पलट चुका है. झारखंड पुलिस की तर्ज पर अब बिहार पुलिस भी अपराधियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है. दोनों ही राज्यों में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस अब अपराधियों के खिलाफ कड़ा रुख सीधे अख्तियार कर रही है. आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले सात महीनों के भीतर झारखंड और बिहार में कुल 42 अपराधियों का एनकाउंटर किया जा चुका है. जिनमें झारखंड में 20 और बिहार में 22 अपराधियों का एनकाउंटर हुआ है. अपराधियों के द्वारा की गई गोलीबारी में पुलिस के द्वारा खुद के आत्मरक्षा में यह सभी कार्रवाई हुई है.

बैकफुट से फ्रंटफुट पर आई पुलिस:

एक दौर वह भी था जब बिहार और झारखंड की पुलिस अपराधियों के सामने बैकफुट पर नजर आती थी. अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम देते थे और पुलिस महज जांच तक सीमित रह जाती थी,लेकिन वक्त बदल चुका है. अब पुलिस अपराधियों के खिलाफ फ्रंटफुट पर आकर कार्रवाई कर रही है. आज के समय में स्थिति यह है, कि हत्या, डकैती, रंगदारी और अपहरण जैसी संगीन वारदातों में शामिल अपराधियों को पुलिस कड़ा और सीधा संदेश दे रही है. पुलिस की इस आक्रामक नीति के कारण दोनों राज्यों के बड़े-बड़े अपराधियों और गैंगस्टरों में हड़कंप मचा हुआ है.

राजनीतिक इच्छाशक्ति का दिख रहा असर:

विशेषज्ञों का मानना है कि पुलिस की इस बदली हुई कार्यशैली के पीछे दोनों राज्यों की मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति है. झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार ने पुलिस को खुली छूट दे रखी है कि वे राज्य की सुरक्षा और शांति से समझौता न करें वहीं बिहार में मुख्यमंत्री व गृह विभाग में प्रभावी भूमिका निभा रहे सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है. दोनों राज्यों की पुलिस अब ‘शठे शाठ्यं समाचरेत्’ (जैसे को तैसा) की नीति पर काम कर रही है, जिसका सीधा असर जमीन पर कानून-व्यवस्था के सुधार के रूप में देखने को मिल रहा है.

झारखंड में पिछले सात महीने में 20 अपराधियों का एनकाउंटर:

– 20 सितंबर 2025: चतरा में अपराधी उत्तम यादव पुलिस एनकाउंटर में मारा गया.

– 10 अक्टूबर 2025: रांची में रातू थाना क्षेत्र में हुए एनकाउंटर में दो अपराधी घायल.

– 13 अक्टूबर 2025: रांची के तुपुदाना में पुलिस के साथ एनकाउंटर में सुजीत सिन्हा गिरोह के आफताब को गोली लगी.

– 13 अक्टूबर 2025: रांची के मैक्लुस्कीगंज में पुलिस के साथ मुठभेड़ में अपराधी प्रभात कुमार राम घायल हुआ.

– 14 अक्टूबर 2025, धनबाद में पुलिस एनकाउंटर में अपराधी भानु मांझी घायल हुआ.

– 19 अक्टूबर 2025, रांची के कांके में हुए विजय नाग हत्याकांड का आरोपी अभिषेक सिंह पुलिस एनकाउंटर में घायल हुआ.

– 28 अक्टूबर 2025, जमशेदपुर में हुए एनकाउंटर में एक अपराधी के पैर में गोली लगी.

– 05 दिसंबर 2025: चतरा के पिपरवार में पुलिस और अपराधी के साथ मुठभेड़, जुबेर अंसारी घायल.

– 29 जनवरी 2026: जमशेदपुर में कैरव गांधी अपहरण मामले में पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़, तीन कुख्यात अपहर्ता घायल

– 08 मार्च 2026: धनबाद में पुलिस-अपराधियों के बीच मुठभेड़, प्रिंस गैंग का शूटर घायल.

– 02 अप्रैल 2026: बोकारो में पुलिस और अपराधी के साथ मुठभेड़ कुख्यात अपराधी के पैर में लगी गोली.

– 03 अप्रैल 2026: पलामू में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है. इस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी फैज खान के पैर में गोली लगी.

– 06 अप्रैल 2026: रामगढ़ में झारखंड पुलिस की राहुल गैंग के साथ मुठभेड़, एक बदमाश को लगी गोली,थाना प्रभारी भी घायल

– 16 मार्च 2026: प्रिंस खान गिरोह के तीन गुर्गों का एनकाउंटर, धनबाद में रांची पुलिस की स्पेशल टीम का बड़ा ऑपरेशन.

– 22 अप्रैल 2026: रांची में पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़, जमीन कारोबारी भार्गव सिंह का हत्यारा सत्यम पाठक घायल.

बिहार में हुई अपराधियों के एनकाउंटर की घटनाएं:

– 18 मई 2026: पटना एक अपराधी का एनकाउंटर किया गया. अपराधी की पहचान संदीप उर्फ बदल के रूप में हुई है. 13 मई को इसी ने एक शिक्षक पर गोली चलाई थी.

– 26 अप्रैल 2026: नवादा में एक बदमाश का एनकाउंटर किया गया था. पुलिस फायरिंग में घायल बदमाश के पैर में गोली लगी.

– 29 अप्रैल 2026: भागलपुर के सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) कृष्ण भूषण कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने घटना के महज 11 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी रामधनी यादव को मुठभेड़ में मार गिराया.

– 03 मई 2023: सीवान के नगर थाना क्षेत्र के आंदर ढाला के पास पूर्व एमएलसी व भाजपा नेता मनोज कुमार सिंह के भांजे हर्ष सिंह की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी सोनू यादव मुठभेड़ में मारा गया.

– 17 मार्च 2026: पूर्वी चंपारण के चकिया थाना क्षेत्र के सिहोरवा गांव में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में एसटीएफ के जवान श्रीराम कुमार यादव शहीद हो गए. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो कुख्यात अपराधियों को मार गिराया.

– 06 फरवरी 2026: बिहार एसटीएफ और वैशाली पुलिस ने कुख्यात सोना लुटेरा प्रिंस उर्फ अभिजीत उर्फ चश्मा को एनकाउंटर में मार गिराया.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *