Ranchi : झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड 100 मेगावाट विंड पावर (पवन ऊर्जा) की आपूर्ति के लिए अनुभवी वेंडरों की तलाश कर रहा है. इसके लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट आमंत्रित किया है. वितरण निगम ने यह निर्णय झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग द्वारा निर्धारित रिन्यूएबल परचेज ऑब्लिगेशन के तहत लिया है. इसके तहत बिजली वितरण कंपनियों के लिए कुल खपत का एक निश्चित हिस्सा नवीकरणीय ऊर्जा से लेना अनिवार्य है. इसी कड़ी में वितरण निगम अब ओपन मार्केट के जरिए विंड पावर की खरीद करने की योजना बना रहा है, ताकि भविष्य में निर्धारित लक्ष्यों को समय रहते पूरा किया जा सके.
कौन बन सकता है भागीदार
निगम ने इस टेंडर के लिए कड़े मापदंड तय किए हैं ताकि निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके. बिजली उन्हीं प्रोजेक्ट्स से ली जाएगी, जिनका व्यावसायिक संचालन 31 मार्च 2024 या उसके बाद हुआ हो. इच्छुक एजेंसियां 100 मेगावाट तक की बिजली सप्लाई का प्रस्ताव दे सकती हैं. यह सप्लाई एक या एक से अधिक स्रोतों से हो सकती है. चयनित वेंडरों के साथ पावर परचेज एग्रीमेंट किया जाएगा. बिजली की दरें ई बिडिंग और रिवर्स ऑक्शन के जरिए पारदर्शी तरीके से तय की जाएंगी. जो पूरे कार्यकाल के दौरान स्थिर रहेंगी. यदि एजेंसी एक ट्रेडर है, तो उसके पास उपयुक्त कमीशन द्वारा जारी वैध ट्रेडिंग लाइसेंस होना अनिवार्य होगा.

ई बिडिंग से होगा चयन
पूरी चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए रिवर्स ऑक्शन का सहारा लिया जाएगा. इससे झारखंड राज्य बिजली वितरण निगम को प्रतिस्पर्धी दरों पर बिजली मिल सकेगी. जिसका सीधा लाभ राज्य के उपभोक्ताओं को मिल सकता है. अल्पकालिक और दीर्घकालिक, दोनों तरह के समझौतों के विकल्प खुले रखे गए हैं.
ALSO READ : कागजों में गुलजार, हकीकत में वीरान! विष्णुगढ़ इंटर महाविद्यालय में शिक्षा नहीं, अनुदान बचाने की जंग?
