-
पूर्वी सिंहभूम जिला झामुमो ने आयोजित किया BLA प्रशिक्षण शिविर
Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिला झामुमो के तत्वावधान में टाउन हॉल सभागार, साकची में बूथ स्तरीय मतदान अभिकर्ताओं यानी बीएलए का एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया. शिविर में पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय समेत जिले के कई विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए. इस दौरान बीएलए को मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्य और योग्य मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई. टाउन हॉल सभागार में आयोजित झामुमो के प्रशिक्षण शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय मौजूद रहे. कार्यक्रम में विधायक संजीव सरदार, मंगल कालिंदी, सोमेश सोरेन, सविता महतो, जिला अध्यक्ष रामदास सोरेन, पूर्व सांसद सुमन महतो समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए. शिविर में जिले के सभी 6 विधानसभा क्षेत्रों के करीब 1800 बूथ लेवल एजेंट्स यानी बीएलए को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया.

SIR से जुड़ी प्रक्रिया के बारे में दी गई जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान बीएलए को एसआईआर मैपिंग, मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026, विभिन्न प्रपत्र 6, 7, 8 को भरने की प्रक्रिया और योग्य मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ने संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई. साथ ही यह भी बताया गया कि जिन लोगों का नाम मतदाता सूची से हट गया है, यदि वे वैध मतदाता हैं तो उनका नाम दोबारा सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया क्या है. मृत, स्थानांतरित या दोहरी प्रविष्टि वाले नामों को चिन्हित कर हटवाने के लिए भी बीएलए को दिशा-निर्देश दिए गए.
लोकतंत्र में एक-एक वोट की कीमत: विनोद पांडेय
मुख्य अतिथि विनोद पांडेय ने कहा कि लोकतंत्र में एक-एक वोट की कीमत है. बीएलए की जिम्मेदारी है कि वे घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करें कि 18 वर्ष पूरे कर चुके एक भी योग्य व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से वंचित न रहे. उन्होंने कहा कि भाजपा मतदाता सूची में गड़बड़ी कर चुनाव जीतना चाहती है, लेकिन झामुमो का हर कार्यकर्ता बूथ स्तर पर मजबूती से डटकर इसका मुकाबला करेगा. वहीं विधायक संजीव सरदार ने कहा कि बीएलए पार्टी की रीढ़ हैं. बूथ जीता तो चुनाव जीता. सभी बीएलए को BLO के साथ समन्वय बनाकर काम करना होगा. जिला अध्यक्ष रामदास सोरेन ने कहा कि 20 जून तक सभी बूथों का भौतिक सत्यापन पूरा कर रिपोर्ट जिला समिति को सौंपनी है. कार्यक्रम के अंत में सभी बीएलए को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया और शपथ दिलाई गई कि वे निष्पक्ष होकर मतदाता सूची को शुद्ध बनाने में सहयोग करेंगे.
