Koderma: जिले के डोमचांच प्रखंड परिसर में आज बिरसा हरित ग्राम योजना (BHGY) के अंतर्गत एक दिवसीय आम उत्सव सह बागवानी मेला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का आयोजन प्रखंड विकास पदाधिकारी डोमचांच भोला पांडेय के नेतृत्व में किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव तथा प्रखंड प्रमुख डॉ. सत्यनारायण यादव उपस्थित रहे. अतिथियों ने आम उत्पादक किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों की दीदियों एवं अन्य प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए बागवानी एवं आम उत्पादन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया. उन्होंने किसानों को उन्नत कृषि एवं बागवानी तकनीकों को अपनाकर आय में वृद्धि करने के लिए प्रेरित किया.
किसानों और स्वयं सहायता समूहों की रही सक्रिय भागीदारी
आम उत्सव सह बागवानी मेला में डोमचांच प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से आए आम उत्पादक किसान, दीदी-दादा, मनरेगा कर्मी, जेएसएलपीएस के बीपीएम, पंचायत सचिव एवं जेएसएलपीएस के अन्य कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई. मेले में किसानों द्वारा उत्पादित विभिन्न किस्मों के आमों का प्रदर्शन किया गया तथा बागवानी से संबंधित जानकारी साझा की गई.

कार्यक्रम का उद्देश्य बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत विकसित आम बागानों को बढ़ावा देना, किसानों को बाजार से जोड़ना तथा बागवानी आधारित आजीविका को सशक्त बनाना था. उपस्थित किसानों ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताते हुए ऐसे आयोजनों की निरंतरता पर बल दिया. कार्यक्रम का समापन किसानों एवं प्रतिभागियों के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान तथा बागवानी क्षेत्र के विकास हेतु सामूहिक संकल्प के साथ हुआ.
ALSO READ: मरकच्चो प्रखंड में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत आम उत्सव मेला का आयोजन
