Hazaribagh: शहर के प्रसिद्ध श्री राम जानकी मठ, बड़ा अखाड़ा ठाकुरबाड़ी परिसर में आयोजित जनजातीय गौरव उत्सव-2026 के दूसरे दिन सांस्कृतिक रंग और उत्साह देखने को मिला. 17 से 24 अगस्त तक आयोजित इस उत्सव में बिरसा मुंडा जन कल्याण योजना प्रचार अभियान की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए. आयोजन समिति की ओर से उनका स्वागत किया गया. इस दौरान विधायक ने द्वादश ज्योतिर्लिंग का दर्शन भी किया.

80 स्टॉलों में दिखी महिलाओं की प्रतिभा
उत्सव परिसर में अलग-अलग राज्यों से पहुंचीं महिला उद्यमियों और महिला समूहों की ओर से करीब 80 स्टॉल लगाए गए हैं. इन स्टॉलों पर महिलाओं द्वारा तैयार कपड़े, अचार, फूलों से बने सजावटी सामान, हस्तशिल्प, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और विभिन्न पारंपरिक उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं. स्टॉलों के माध्यम से जनजातीय कला, संस्कृति, परंपरा और महिलाओं के हुनर की आकर्षक झलक देखने को मिल रही है.
विधायक ने महिला उद्यमियों से ली उत्पादों की जानकारी
सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने उत्सव परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया. उन्होंने महिला उद्यमियों से उनके उत्पादों और कार्यों के बारे में जानकारी ली. विधायक ने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से महिलाओं को अपने हुनर और उत्पादों को बड़े मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है. उन्होंने कहा कि महिलाओं को प्रोत्साहित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है. विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत और महिला सशक्तीकरण के सपने को इस तरह के आयोजन जमीन पर साकार करने में मदद कर रहे हैं.
सात दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
उत्सव के तहत सात दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हजारीबाग आर्ट एंड कल्चरल ट्रस्ट की ओर से किया जा रहा है. इसमें हजारीबाग की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, स्कूलों और कॉलेजों से जुड़े कलाकार अपनी प्रस्तुतियां दे रहे हैं. दूसरे दिन आयोजित सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को देर तक बांधे रखा.
दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हरीश श्रीवास्तव, राष्ट्रीय प्रमुख राजमणि, राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर रितु, बिरसा मुंडा जन कल्याण योजना प्रचार अभियान के प्रदेश अध्यक्ष रामकिशोर सावंत, आर्ट एंड कल्चरल ट्रस्ट के सचिव प्रदीप पाठक, सदर विधायक कला-सांस्कृतिक विभाग के प्रतिनिधि सुबोध सिन्हा, मंजू मिश्रा, ज्योतिष्णा देवी और पूनम मिश्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी समिति सदस्य हरीश श्रीवास्तव, शिवलाल महतो और राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश सचिव रघुनाथ राणा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया.
गणेश वंदना से शुरू हुई सांस्कृतिक संध्या
सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत सीमा गुप्ता की गणेश वंदना से हुई. इसके बाद विकास सिन्हा ने ऑर्गन वादन, सूरज दयाल ने पैड वादन, कपिल कुमार ने नाल वादन, सुभाष सेन ने गिटार और राजा निजामुद्दीन ने सैक्सोफोन की प्रस्तुति दी. स्वर्ण भारती की ओर से समूह गायन और सावंत इंटर कॉलेज एवं तरंग ग्रुप की ओर से समूह नृत्य प्रस्तुत किया गया. हंसराज लोहार ने एकल नृत्य प्रस्तुत किया. वहीं समर्थ अग्रवाल, आकाश चौबे, अनु कुमारी और शालिनी कश्यप ने गायन की प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं. मंच संचालन उद्घोषक पंकज सिन्हा ने किया.
कई गण्यमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में विनोद विजय वर्गीय, चंदा विजय वर्गीय, सुनील अग्रवाल, अमित गुप्ता, ज्ञान सागर, दीपक सिन्हा, प्रवीण राठौर, सलीम रजा, शशिकांत सिन्हा, डॉ. गौतम गुप्ता, आकाशदीप, दिवाकर मिश्रा, करीना गुप्ता, सोनल कुमार सहित शहर के कई गण्यमान्य लोग मौजूद रहे.
जनजातीय संस्कृति और महिला उद्यमिता को मिल रहा मंच
जनजातीय गौरव उत्सव-2026 के माध्यम से जनजातीय संस्कृति, परंपरा और कला को मंच मिलने के साथ स्थानीय हुनर और महिला उद्यमिता को भी बढ़ावा मिल रहा है. महिला समूहों को अपने हाथों से तैयार उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर मिलने से उनके आत्मनिर्भर बनने की दिशा में नई संभावनाएं बन रही हैं.
ALSO READ: सरायकेला: स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर, DC ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

