Giridih: मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बैठकर साइबर ठगी को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ गिरिडीह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस अधीक्षक, गिरिडीह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 08 मोबाइल फोन, 06 सिम कार्ड और 01 लैपटॉप बरामद किया है.

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिंहोडीह स्थित बिरेन्द्र पांडेय के मकान में बैठकर कुछ साइबर अपराधी फोन के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए साइबर थाना प्रभारी पु0नि0 रामेश्वर भगत के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. छापेमारी दल ने बताए गए ठिकाने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए वहां दबिश दी. इस दौरान पुलिस ने मौके से तीन युवकों को पकड़ लिया. पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने साइबर ठगी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की.
फर्जी नोटिस भेजकर लोगों को ठगी के जाल में फंसाते थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अलग-अलग सरकारी एवं गैस सेवा से जुड़े फर्जी नोटिस भेजकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आग बुझाने की कथित फर्जी नोटिस, गैस बिल अपडेट-2 संबंधी फर्जी संदेश, गर्भवती एवं प्रसूता महिलाओं का डाटा पूर्ण कराने से संबंधित फर्जी नोटिस तथा महानगर गैस लिमिटेड और IGL गैस कनेक्शन डिस्कनेक्ट होने संबंधी फर्जी नोटिस भेजकर साइबर ठगी करते थे.
आरोपियों द्वारा मोबाइल फोन के माध्यम से लोगों को डराने या जरूरी सेवा बंद होने का झांसा देकर उनके साथ ठगी करने की कोशिश की जाती थी. पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन, सिम कार्ड और लैपटॉप की तकनीकी जांच कर रही है. जांच के बाद ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की संभावना है.
तीनों आरोपियों की पहचान, साइबर थाना में मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज मंडल (करीब 19 वर्ष), पिता भोला मंडल, ग्राम बोरोटांड़, थाना ताराटांड़, जिला गिरिडीह; मोहन मंडल (करीब 19 वर्ष), पिता परमेश्वर मंडल, ग्राम बोरोटांड़, थाना ताराटांड़, जिला गिरिडीह; तथा सोनू कुमार (करीब 18 वर्ष), पिता संजय मंडल, ग्राम मानसीडीह, थाना बेंगाबाद, जिला गिरिडीह के रूप में हुई है. पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ साइबर थाना गिरिडीह में कांड संख्या 27/2026, दिनांक 25 अगस्त 2026 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
छापेमारी दल में साइबर थाना प्रभारी पु0नि0 रामेश्वर भगत, पु0नि0 गुनजन कुमार, पु0नि0 पुनीत गौतम, स0अ0नि0 गजेन्द्र कुमार, आरक्षी 447 सौरभ सुमन सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे.
गिरिडीह पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर अपराधियों के बीच हड़कंप मचा है. पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी के ऐसे मामलों में शामिल अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. साथ ही पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान फोन कॉल, लिंक या फर्जी नोटिस पर भरोसा न करें और बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचें.
ALSO READ: सरायकेला: SIR-2026 मतदाता सूची सत्यापन को लेकर जागरूकता अभियान तेज

