Koderma: निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग को रोकने हेतु चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत आज ताईक्वांडो डे-बोर्डिंग सेंटर, सी.डी. बालिका उच्च विद्यालय, झुमरी तिलैया, कोडरमा में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता का विषय “नशे को ना, खेल को हाँ” रखा गया, जिसके अंतर्गत छात्राओं द्वारा नशा मुक्ति एवं नशे की रोकथाम से संबंधित विभिन्न चित्र बनाकर अपने विचार प्रस्तुत किए गए. प्रतियोगिता के माध्यम से बालिकाओं को नशे के दुष्प्रभावों तथा इसके सामाजिक एवं व्यक्तिगत जीवन पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया.
छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए किया गया प्रेरित
कार्यक्रम का आयोजन अशोक कुमार, प्रशिक्षक, ताईक्वांडो डे-बोर्डिंग सेंटर, सी.डी. बालिका उच्च विद्यालय तथा अशोक कुमार तुरी, जिला खेल समन्वयक की उपस्थिति में संपन्न हुआ. इस अवसर पर छात्राओं को निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा शिक्षा एवं खेल गतिविधियों से जुड़कर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित किया गया. कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की.

ALSO READ: गिरिडीह: मधुबन डबल मर्डर का खुलासा, जमीन और जादू-टोना विवाद में दंपत्ति की हत्या, 7 आरोपी गिरफ्तार
