Pakur: पाकुड़ के महेशपुर प्रखंड के पत्रकार रमेश ठाकुर के आकस्मिक निधन से जिले के पत्रकारों में शोक की लहर दौड़ गई है. सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित सूचना भवन सभागार में एक शोक सभा का आयोजन किया गया.

दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
शोक सभा में प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अमरेंद्र चौधरी, एसएमपीओ पवन कुमार सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित थे. इस अवसर पर दिवंगत पत्रकार को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई.
जनसंपर्क पदाधिकारी अमरेंद्र चौधरी ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि युवा पत्रकार के निधन से सभी मर्माहत हैं. उन्होंने बताया कि रमेश ठाकुर मिलनसार स्वभाव के थे और पिछले 10 वर्षों से लगातार पत्रकारिता कर रहे थे. उनके मधुर व्यवहार को आज भी लोग याद करते हैं. उन्होंने ईश्वर से उनके परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की. मौके पर मौजूद अन्य पत्रकारों ने भी स्वर्गीय रमेश ठाकुर के जीवन पर प्रकाश डालते हुए गहरा दुख व्यक्त किया.
परिजनों से मिलकर दी आर्थिक सहायता
शोक सभा के उपरांत, पत्रकारों का एक प्रतिनिधिमंडल स्वर्गीय रमेश ठाकुर के घर पहुंचा. प्रतिनिधिमंडल ने उनके परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें आर्थिक सहायता भी प्रदान की.

