Pakur: पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा प्रखंड के छोटा पहाड़पुर के पास जड़ाकी पंचायत के उदलबनी लतार टोला के ग्रामीणों ने शुक्रवार को सड़क जाम कर दिया. लोगों ने पेयजल समस्या को लेकर गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य सड़क को बाधित कर दिया.सूचना मिलते ही प्रखंड कार्यालय से जूनियर इंजीनियर सोहेल खान मौके पर पहुंचे और समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटा लिया.
डेढ़ सौ परिवार पानी के लिए परेशान, टैंकर और बोरिंग का आश्वासन
गर्मी बढ़ने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है. उदलबनी लतार टोला के करीब डेढ़ सौ परिवार लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं. हालात ऐसे हैं कि लोगों को खाना बनाने जैसे दैनिक कामों के लिए भी दूसरे टोले से पानी लाना पड़ रहा है.
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा. वहीं प्रशासन ने तत्काल टैंकर से पानी उपलब्ध कराने और एक सप्ताह के भीतर बोरिंग कर समस्या दूर करने का आश्वासन दिया है.
ALSO READ: जगन्नाथपुर मंदिर गार्ड हत्याकांड: रांची पुलिस की कार्रवाई, छह घंटे के भीतर हत्या का आरोपी गिरफ्तार
