-
राजा भाऊ स्मृति संघ भवन में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की बैठक में लिया गया निर्णय, पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर भी हुआ मंथन
Palamu: मेदिनीनगर शहर के राजा भाऊ स्मृति संघ भवन में रविवार को अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, पलामू इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष दामोदर मिश्र ने की, जबकि मंच संचालन जिला सचिव ओम प्रकाश दुबे ने किया. इस बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 26 जुलाई 2026 को कारगिल विजय दिवस जिले में पूरी भव्यता के साथ मनाया जाएगा.

प्रशासनिक हस्तियां और स्कूली बच्चे होंगे शामिल
बैठक में तय हुआ कि कारगिल विजय दिवस के मुख्य समारोह में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों की वीर नारियों और जांबाज वीर सैनिकों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा. इस गरिमामयी कार्यक्रम में जिले की प्रशासनिक, राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों के साथ-साथ विभिन्न स्कूलों के बच्चे भी सहभागिता करेंगे. समारोह को खास बनाने के लिए स्थानीय कलाकारों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे.

पूर्व सैनिकों की लंबित माँगों पर गंभीर चर्चा
समारोह की तैयारियों के अलावा बैठक में पूर्व सैनिकों से जुड़ी कई गंभीर और लंबित समस्याओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया. परिषद ने जिला सैनिक बोर्ड और सैनिक आरामगाह की स्थापना में हो रही अत्यधिक देरी पर चिंता जताई. इसके साथ ही सीएसडी कैंटीन की सुविधा को सुगम बनाने, राज्य सरकार की नौकरियों में पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षण लागू करने और नगर निगम क्षेत्र में रहने वाले पूर्व सैनिकों को होल्डिंग टैक्स में शत-प्रतिशत छूट दिलाने जैसे नीतिगत विषयों पर रणनीति बनाई गई और अग्रिम कार्रवाई की योजना तैयार की गई.
बैठक में इनकी रही मुख्य उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण बैठक में परिषद के जिला अध्यक्ष दामोदर मिश्र, पूर्व जिला अध्यक्ष गयानंद पांडेय, उपाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण तिवारी, कोषाध्यक्ष दयाशंकर शर्मा सहित अशोक कुमार दुबे, ओम प्रकाश दुबे, पी के मिश्र, कामाख्या नारायण सिंह, ब्रज किशोर मेहता, रवि भूषण सिंह, संकेत कुमार तिवारी, धीरज कुमार, प्रेम शंकर, अमित तिवारी, पंकज तिवारी, राकेश कुमार सिंह, प्रेमचंद शुक्ल, बैजनाथ पाल, प्रदीप कुमार, उमेश कुमार उपाध्याय, के पी सिंह, विशाल कुमार सिंह, राजीव कुमार दुबे, कमलेश तिवारी, नागेंद्र दुबे, ब्रिज बिहारी सिंह, हीरा सिंह, सतीश तिवारी और दिलीप यादव मुख्य रूप से उपस्थित थे.

