PALAMU: पिपरा प्रखंड के ग्राम पंचायत सरैया स्थित पुनपुन उद्गम स्थल कुंड पर आयोजित होने वाले सात दिवसीय श्री सतचंडी महायज्ञ की बाधाएं दूर हो गई हैं. आगामी 18 अप्रैल से 24 अप्रैल तक चलने वाले इस भव्य आयोजन स्थल पर बिजली की समुचित व्यवस्था नहीं होने से स्थानीय ग्रामीण और यज्ञ समिति के लोग चिंतित थे.
इस समस्या के समाधान के लिए सरैया पंचायत के प्रतिनिधियों और पुनपुन उद्गम स्थल विकास समिति के सदस्यों ने पूर्व जिला परिषद प्रतिनिधि सह वीर बाबा चौहरमल कल्याण समिति के जिला अध्यक्ष संदीप पासवान से मुलाकात कर गुहार लगाई थी.
बिजली विभाग ने उपलब्ध कराए ट्रांसफार्मर और पोल
जनता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए संदीप पासवान ने तत्काल डालटनगंज स्थित बिजली विभाग के महाप्रबंधक और अधीक्षण अभियंता से मुलाकात की. उन्होंने अधिकारियों को आयोजन के महत्व और बिजली की आवश्यकता से अवगत कराया, जिस पर विभाग ने त्वरित संज्ञान लिया.
विभाग की ओर से आयोजन स्थल के लिए 25 KVA का एक नया ट्रांसफार्मर, आवश्यक तार, केबल, डिश और 11 पोल सहित अन्य विद्युत उपकरण तत्काल उपलब्ध करा दिए गए हैं.
महायज्ञ स्थल दूधिया रोशनी से होगा जगमग
संदीप पासवान के इस प्रयास से क्षेत्र के श्रद्धालुओं में हर्ष का माहौल है. समिति के सदस्यों ने बताया कि जलयात्रा के शुभ अवसर पर पूरा उद्गम स्थल और यज्ञ मंडप दूधिया रोशनी से जगमगा उठेगा.
ALSO READ: रांची: घर से बिना बताए निकले तीन बच्चे स्टेशन से बरामद, माता-पिता की डांट से थे नाराज
ग्रामीणों ने त्वरित कार्रवाई के लिए संदीप पासवान और बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है. उनका कहना है कि इस व्यवस्था से महायज्ञ में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत होगी.
