Palamu : जिला के तरहसी थाना क्षेत्र के सेवती गांव निवासी 23 वर्षीय अभिषेक कुमार शर्मा रहस्यमयी परिस्थितियों में रांची से लापता हो गया है. अभिषेक पिछले कुछ वर्षों से रांची के रातू थाना क्षेत्र अंतर्गत चटक्कपुर मोहल्ला, शांतिनगर (SBN स्कूल के सामने) में किराये के कमरे में रहकर NEET परीक्षा की तैयारी कर रहा था. परिजनों के अनुसार, अभिषेक 4 जुलाई 2026, शनिवार की शाम करीब 6 बजे अपने कमरे से अकेले निकला था. इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका. परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन 8 जुलाई तक उसका कोई सुराग नहीं मिला.
परिजनों ने कहा पुलिस नहीं कर रही सहयोग
परिजनों ने रातू थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है. उनका आरोप है कि चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है. परिजनों का कहना है कि अगर समय रहते गंभीरता से कार्रवाई होती तो अब तक कोई सुराग मिल गया होता. उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई कर अभिषेक की सकुशल बरामदगी की मांग की है.

परिजनों ने जारी किया नंबर
अभिषेक की पहचान, लंबाई 5 फीट 7 इंच, सांवला रंग, घटना के समय हल्के हरे रंग का शर्ट, भूरे रंग की लाइनिंग वाली पैंट और पैरों में चप्पल पहने हुए के रूप में की जा सकती है. परिजनों ने आम लोगों से भी अपील की है कि अगर किसी को अभिषेक कुमार शर्मा के संबंध में कोई जानकारी मिले तो मोबाइल नंबर 7870062132 या 9031756283 पर तत्काल सूचना दें.
ALSO READ : अलकतरा घोटाला: HC ने पूर्व असिस्टेंट इंजीनियर समेत तीन आरोपियों को किया बरी, CBI कोर्ट की सजा रद्द


