Jamtara: जामताड़ा सदर अस्पताल से एक इलाजरत मरीज के अचानक लापता हो जाने का मामला सामने आया है. मरीज की तलाश में परिजन और अस्पताल प्रशासन जुटे हुए हैं.
सिर में चोट के बाद कराया गया था भर्ती
जानकारी के अनुसार, देवघर जिले के कोरों क्षेत्र निवासी अशोक चक्रवर्ती को सिर के पीछे गंभीर चोट लगने के बाद 19 जून को जामताड़ा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

सुबह बेड पर नहीं मिले मरीज
रविवार देर रात उनकी पत्नी, जो अस्पताल में अटेंडर के रूप में मौजूद थीं, सो गईं. सोमवार सुबह जब उनकी नींद खुली तो उन्होंने अपने पति को बेड पर नहीं पाया. इसके बाद उन्होंने अस्पताल परिसर में काफी खोजबीन की, लेकिन मरीज का कहीं पता नहीं चला.
मामले की सूचना मिलने पर अस्पताल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई. फुटेज में सोमवार तड़के 3:06 बजे अशोक चक्रवर्ती मेल वार्ड से बाहर निकलकर अस्पताल के पोर्टिको में रखी कुर्सी पर बैठे दिखाई दिए. इसके एक मिनट बाद, 3:07 बजे वे अस्पताल परिसर से बाहर जाते हुए कैमरे में कैद हुए.
Also Read: HC में आतंकी संगठन हिज्ब उत तहरीर(HuT) से जुड़े चार आरोपियों की बेल पर सुनवाई
मानसिक स्थिति भी नहीं थी सामान्य
परिजनों के अनुसार, सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मानसिक स्थिति भी पूरी तरह सामान्य नहीं थी. मरीज के अचानक गायब हो जाने से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है. सूचना मिलने पर अन्य परिजन भी अस्पताल पहुंचे और विभिन्न स्थानों पर उनकी तलाश शुरू कर दी.
पुलिस को दी जाएगी सूचना
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. दिनेश प्रसाद ने बताया कि मरीज की खोजबीन के लिए जामताड़ा थाना में लिखित आवेदन देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. अस्पताल प्रशासन भी मरीज का पता लगाने का प्रयास कर रहा है.


