FIFA World Cup 2026: विश्वकप फुटबॉल के 11वें दिन फुटबॉल का रोमांच देखने को मिला. एक ओर स्पेन ने शुरुआती झटके से उबरते हुए अपने असली रंग दिखाए और सऊदी अरब को एकतरफा मुकाबले में ध्वस्त कर दिया, वहीं दूसरी ओर छोटे से अफ्रीकी द्वीपीय देश केप वर्डे ने लगातार दूसरे मैच में दुनिया को चौंका दिया. स्पेन को गोलरहित ड्रॉ पर रोकने वाली इस टीम ने अब दो बार की विश्व चैंपियन उरुग्वे को भी जीत से वंचित कर दिया. इसके अलावा बेल्जियम और ईरान के बीच मुकाबला बिना गोल के समाप्त हुआ, लेकिन यह मैच कई मायनों में चर्चा का केंद्र रहा. बेल्जियम को रेड कार्ड झेलना पड़ा, फिर भी ईरान अतिरिक्त खिलाड़ी का लाभ नहीं उठा सका. वहीं, मिस्र ने न्यूजीलैंड को हराकर फीफा विश्वकप में अपनी पहली जीत दर्ज की. मिस्र की जीत में मोहम्मद सालाह की अहम भूमिका रही. उन्होंने इस विश्वकप में गोल का खाता खोला.
यह भी पढ़ें: News Wave Special : संसद में हाजिरी के मामले में झारखंड के 4 सांसद बने बाहुबली, दुमका-सिंहभूम के सांसद रहे पीछे


स्पेन का शानदार खेल, 4-0 से सऊदी अरब से हराया
पहले मैच में केप वर्डे के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ खेलने के बाद स्पेन पर दबाव था. आलोचकों ने टीम की आक्रामकता और फिनिशिंग क्षमता पर सवाल उठाए थे. लेकिन अटलांटा में सऊदी अरब के खिलाफ मैदान पर उतरी स्पेनिश टीम पूरी तरह बदली हुई नजर आई. 18 वर्षीय स्टार लामिन यमाल की वापसी ने स्पेन को नई ऊर्जा दी. मैच के शुरुआती मिनटों से ही यामाल ने अपनी ड्रिब्लिंग और रफ्तार से सऊदी रक्षा पंक्ति को परेशान करना शुरू कर दिया. 10वें मिनट में यमाल ने टूर्नामेंट का अपना पहला गोल दागते हुए स्पेन को बढ़त दिलाई. यह गोल उनके लिए खास था क्योंकि पिछले मुकाबले में वह प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे. स्पेन ने एकतरफा मुकाबले में सऊदी अरब को 4-0 से रौंद दिया.

केप वर्डे ने फिर चौंकाया, उरुग्वे को 2-2 से रोका
विश्व कप में पहली बार खेल रही अफ्रीकी टीम केप वर्डे ने पहले स्पेन को रोका और अब उरुग्वे को भी जीत नहीं लेने दी. 21वें मिनट में केविन पीना ने शानदार फ्री-किक पर गोल दागकर इतिहास रच दिया. यह केप वर्डे का विश्व कप इतिहास में पहला गोल था. गोल होते ही स्टेडियम में मौजूद केप वर्डे समर्थकों के बीच जश्न की लहर दौड़ गई. पहले गोल के बाद उरुग्वे ने अनुभव का परिचय दिया. मैक्सी अराउजो और अगुस्टिन कानोब्बियो ने कुछ ही मिनटों के अंतराल में गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया. हाफ टाइम तक ऐसा लग रहा था कि उरुग्वे मुकाबला आसानी से जीत लेगा. दूसरे हाफ में मैदान पर आए हेलियो वरेला ने मैच की दिशा बदल दी. उन्होंने उरुग्वे के अनुभवी गोलकीपर फर्नांडो मुस्लेरा को लाइन से काफी आगे देखकर शानदार शॉट लगाया और गेंद सीधे गोल में पहुंच गई. यह उनका अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला गोल भी था. गोल के बाद वरेला का जश्न पूरे विश्व कप के सबसे यादगार दृश्यों में शामिल हो गया.

बेल्जियम और ईरान के बीच मुकाबला 0-0 से बराबर
इंगलवुड में खेले गए मुकाबले में ईरान और बेल्जियम ने 0-0 की बराबरी खेली. हालांकि स्कोरलाइन साधारण दिखती है, लेकिन मैच में रोमांच की कमी नहीं थी.66वें मिनट में बेल्जियम के डिफेंडर नाथन नगोय को सीधा रेड कार्ड दिखाया गया. उन्होंने मेहदी तारेमी को गोल की ओर बढ़ने से रोकने के लिए फाउल किया था. इसके बाद बेल्जियम को बाकी मैच 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा. एक खिलाड़ी अधिक होने के बावजूद ईरान गोल नहीं कर सका. बेल्जियम ने उल्टा अंतिम मिनटों में ज्यादा खतरनाक मौके बनाए. गोलकीपर अलीरेजा बेइरानवंद ने सात शानदार बचाव किए और ईरान को मैच में बनाए रखा.

मिस्र का कमाल, न्यूजीलैंड को दी 3-1 से मात
ग्रुप-जी के अहम मुकाबले में मिस्र ने शानदार वापसी करते हुए न्यूजीलैंड को 3-1 से हराकर फीफा विश्व कप 2026 में अपनी पहली जीत दर्ज की. इस ऐतिहासिक जीत के लिए उसे 33,628 दिनों का इंतजार करना पड़ा. मिस्र ने पहली बार 1934 विश्वकप में हिस्सा लिया था और उसके बाद 92 वर्षों तक जीत का स्वाद नहीं चख सका था. आखिरकार 22 जून 2026 को न्यूजीलैंड पर 3-1 की जीत के साथ उसने विश्व कप में अपनी पहली जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया. मैच में न्यूजीलैंड ने फिन सर्मन के 15वें मिनट के गोल से बढ़त बनाई, लेकिन दूसरे हाफ में मिस्र ने शानदार वापसी की. मोस्तफा जिको ने 58वें मिनट में बराबरी दिलाई, जबकि स्टार खिलाड़ी मोहम्मद सलाह ने 67वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिला दी. इसके बाद ट्रेजेगेट ने 82वें मिनट में तीसरा गोल दागकर जीत पक्की कर दी. इस जीत के साथ मिस्र ग्रुप-जी में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है और नॉकआउट चरण की दौड़ में मजबूत स्थिति में आ गया है, जबकि न्यूजीलैंड की उम्मीदें अभी भी बरकरार हैं. यह जीत सिर्फ तीन अंकों की नहीं, बल्कि मिस्र के फुटबॉल इतिहास के सबसे यादगार पलों में से एक बन गई.


