Kodarma:बकरीद पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर बिरसा सांस्कृतिक भवन में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त श्री उत्कर्ष गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक श्री कुमार शिवाशीष के संयुक्त नेतृत्व में संपन्न हुई.

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को दिया निर्देश
बैठक में बकरीद पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति, यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं. उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को प्रखंड स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया. साथ ही सोशल मीडिया एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए.
समस्या होने पर तत्काल सूचित करें
उपायुक्त ने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर प्रशासन को तत्काल सूचित करें तथा असामाजिक तत्वों पर नजर रखें. उन्होंने स्पष्ट कहा कि पर्व के दौरान आपसी सौहार्द बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने से बचने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि बकरीद आपसी भाईचारे, त्याग और सामाजिक सद्भाव का पर्व है. सभी लोग आपसी सौहार्द एवं शांति के साथ पर्व मनाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें.
संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी
पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने कहा कि पर्व के दौरान संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा अफवाह फैलाने वाले संदेशों पर विशेष नजर रखी जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी. साथ ही सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में फ्लैग मार्च करने का निर्देश दिया गया. बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने भी अपने सुझाव रखे तथा प्रशासन को पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग का आश्वासन दिया. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त रवि जैन, अनुमंडल पदाधिकारी ओमप्रकाश मंडल, जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी प्रिंस गोडविन कुजूर, अध्यक्ष नगर परिषद् झुमरी तिलैया, नगर पंचायत कोडरमा एवं डोमचांच, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे.
AlsoRead:गिरिडीह में अतिक्रमण पर निगम की कार्रवाई. विरोध और हंगामे के बीच लौटी टीम
