सरायकेला के आदित्यपुर में ड्रग्स सिंडिकेट पर पुलिस का बड़ा शिकंजा: ताबड़तोड़ छापेमारी में भारी नकदी बरामद, माफियाओं में मची भगदड़

Saraikela : जिले के आदित्यपुर में नशे के काले कारोबार पर पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा और निर्णायक प्रहार किया...

Saraikela : जिले के आदित्यपुर में नशे के काले कारोबार पर पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा और निर्णायक प्रहार किया है. एसपी मनोज स्वर्गियारी के सीधे निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दूसरे दिन मंगलवार को पुलिस की संयुक्त टीमों ने ऐसा सघन ‘सर्च ऑपरेशन’ चलाया कि ड्रग्स माफियाओं और तस्करों के पूरे सिंडिकेट में हड़कंप मच गया. राम मड़ैया बस्ती, मुस्लिम बस्ती और इमली चौक जैसे अति-संवेदनशील इलाकों में एक साथ हुई इस ताबड़तोड़ छापेमारी से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया.

गुप्त ठिकानों पर रेड, भारी मात्रा में नकदी बरामद:

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस प्रशासन लंबे समय से आदित्यपुर और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय ड्रग्स नेटवर्क पर पैनी नजर रखे हुए था. इसी रणनीति के तहत मंगलवार को संदिग्ध ठिकानों की अचानक और गहन तलाशी ली गई छापेमारी के दौरान संदिग्ध ठिकानों से भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई है.
बरामद रकम की आधिकारिक गिनती खबर लिखे जाने तक जारी थी. शुरुआती जांच के अनुसार, यह पूरी राशि सीधे तौर पर नशे की अवैध खरीद-बिक्री से जुड़ी होने की पूरी आशंका है.

‘लालटू’ मुख्य निशाने पर, चारों तरफ पुलिस की दबिश:

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस विशेष अभियान का प्राथमिक लक्ष्य आदित्यपुर के ड्रग्स नेटवर्क का मुख्य सरगना माना जाने वाला लालटू है. पुलिस की अलग-अलग टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं. अधिकारियों का मानना है कि लालटू की गिरफ्तारी से पूरे ड्रग्स सिंडिकेट की परतें खुल जाएंगी और इसके मुख्य फाइनेंसरों तक पहुंचना आसान हो जाएगा.

एक युवक हिरासत में, सप्लाई चेन के बड़े नाम रडार पर:

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है, जिससे किसी गुप्त स्थान पर कड़ी पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के जरिए पुलिस ड्रग्स की सप्लाई चेन, अंतरराज्यीय कनेक्शन और इस अवैध धंधे में पैसा लगाने वाले फाइनेंसरों के बारे में अहम सुराग जुटा रही है. सूत्रों का कहना है कि शहर के कई रसूखदार और संदिग्ध चेहरे पहले से ही पुलिस के रडार पर हैं, जिन पर जल्द ही गाज गिर सकती है.

सिर्फ छापेमारी ही नहीं, पूरे इलाके की किलेबंदी:

अभियान को असरदार बनाने के लिए पुलिस ने केवल ठिकानों पर दबिश ही नहीं दी, बल्कि पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया. पार्कों, चौक-चौराहों, सुनसान गलियों और देसी-विदेशी शराब दुकानों के आसपास विशेष बाइक पेट्रोलिंग की गई. संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों, नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों को रोककर उनकी सघन जांच की गई. पुलिस की इस भारी मौजूदगी से जहां अपराधियों में दहशत का माहौल है, वहीं आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है.

Also Read: हजारीबाग में सरकारी स्कूल की बदली तस्वीर , गुणवत्ता बनी पहचान

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *