Click Here
Click Here
Click Here

खूंटी में नशे के नेटवर्क पर पुलिस का सबसे बड़ा प्रहार, 231 किलो डोडा, अफीम और देसी कट्टा बरामद

Khunti: झारखंड के खूंटी जिले में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ ऐसा बड़ा ऑपरेशन चलाया, जिसने पूरे इलाके में...

Khunti: झारखंड के खूंटी जिले में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ ऐसा बड़ा ऑपरेशन चलाया, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. मुरहू थाना क्षेत्र के घाघरा स्थित गनालोया-सारिदकेल सड़क पर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में नशीले पदार्थ की खेप पहुंचाई जा रही है.

सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी. जैसे ही तस्करों को पुलिस की भनक लगी, वे एक मारुति इको वाहन छोड़ अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए. जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो अंदर का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए. वाहन से कुल 231 किलो अवैध डोडा बरामद किया गया. इतनी बड़ी खेप यह साबित करने के लिए काफी थी कि जिले में नशे का नेटवर्क गहराई तक फैल चुका है.

खेतों और जंगलों में चला पीछा अभियान

छापेमारी के दौरान पुलिस की नजर एक जावा मोटरसाइकिल पर पड़ी. बाइक सवार पुलिस को देखते ही तेजी से भागने लगा. इसके बाद शुरू हुआ खेतों, कच्चे रास्तों और गांवों के बीच हाईवोल्टेज पीछा अभियान.

पुलिस टीम ने अनिगढ़ा गांव के पास बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया, लेकिन चालक मोटरसाइकिल छोड़ खेतों की ओर भाग निकला. पुलिस जवान भी उसके पीछे दौड़े, हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर वह फरार होने में सफल रहा.

भागने के दौरान उसके कंधे पर टंगा काला बैग खेत में गिर गया. जब पुलिस ने बैग की तलाशी ली तो उसमें दो पारदर्शी प्लास्टिक में पैक लगभग 1 किलो 985 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई. यह वही काला जहर था, जो युवाओं की जिंदगी तबाह करने के लिए सप्लाई किया जा रहा था.

ALSO READ: अब झारखंड में भी बजेगा फ्रेंचाइजी क्रिकेट का बिगुल, गांव के खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच

देसी कट्टा के साथ आरोपी गिरफ्तार

इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वांछित आरोपी ग्राम अलौदी निवासी राम मुण्डा को घेराबंदी कर दबोच लिया. तलाशी के दौरान उसकी कमर से एक देशी कट्टा बरामद हुआ. नशे और हथियार के इस खतरनाक गठजोड़ ने यह साफ कर दिया कि तस्कर अब अपराध के हर रास्ते पर उतर चुके हैं. पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया. हथियार बरामदगी के मामले में खूंटी थाना कांड संख्या 68/26 के तहत Arms Act में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

इस पूरी कार्रवाई ने जिले के नशा कारोबारियों में खलबली मचा दी है. जंगलों और गांवों के रास्ते चल रहे इस अवैध नेटवर्क पर पुलिस की यह अब तक की सबसे बड़ी चोट मानी जा रही है. खूंटी पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि जिले को नशे का अड्डा बनाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. यह सिर्फ बरामदगी नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य को बचाने की बड़ी लड़ाई है.

add1
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *