Ranchi: राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यालय पर हुआ पेट्रोल बम हमला के बाद सियासी पारा हाई हो गया है. हमले की खबर मिलते ही भाजपा के कद्दावर नेताओं का निवारणपुर स्थित संघ कार्यालय में तांता लग गया. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, रांची के विधायक सीपी सिंह और केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया.
नेताओं ने इसे सीधे तौर पर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास बताया है. केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि यह कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश के तहत किया गया हमला है. इसके पीछे छिपे चेहरों को बेनकाब कर दोषियों पर तुरंत और कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए.
DGP से लेकर DC तक को अल्टीमेटम
पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने घटना को लेकर राज्य के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है. उन्होंने तत्काल पुलिस महानिदेशक, एसएसपी और उपायुक्त समेत आला अधिकारियों से बात कर पूरी घटना की जानकारी दी और त्वरित कार्रवाई की मांग की. वहीं, रांची के विधायक सीपी सिंह ने कहा कि यह हमला पूरे राज्य को जलाने की एक बड़ी योजना का हिस्सा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.



