Koderma : इस बार रक्षाबंधन पर बहनों को अपने भाई तक राखी पहुंचाने के लिए डाकघर की लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी. डाक विभाग इस वर्ष स्कूलों से ही सीधे राखी का स्पीड पोस्ट कराने की एक बेहद खास और अनूठी व्यवस्था करने जा रहा है. इसके साथ ही, नई पीढ़ी के बच्चों को भारतीय संस्कृति, कला और भाई-बहन के अटूट रिश्ते को गहराई से जोड़ने के लिए ‘‘राखी बनाओ और भेजो’’ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा. डाक निरीक्षक विकास रंजन ने बताया कि रक्षाबंधन केवल एक पर्व नहीं, बल्कि स्नेह और विश्वास का प्रतीक है. डाक विभाग की कोशिश है कि दूरी चाहे कितनी भी हो, हर भाई की कलाई पर समय पर बहन का प्यार पहुंचे और इस खूबसूरत परंपरा को स्कूली बच्चे भी करीब से महसूस कर सकें.
स्कूल परिसर से ही मिलेगा स्पीड पोस्ट की सुविधा
डाक विभाग की इस विशेष पहल के तहत प्रतियोगिता में शामिल छात्राएं अपने हाथों से खूबसूरत और रचनात्मक राखी तैयार करेंगी. इसके बाद डाक विभाग की एक विशेष टीम सीधे संबंधित स्कूल पहुंचेगी. वहीं से स्पीड पोस्ट के माध्यम से इन राखियों को उनके भाइयों तक भेजने की प्रक्रिया पूरी होगी. इस डिजिटल और ऑन-स्पॉट सुविधा से बच्चों और अभिभावकों को अलग से डाकघर जाने की जरूरत नहीं होगी. विभाग का मानना है कि इससे बच्चों में रचनात्मकता बढ़ेगी और भारतीय डाक सेवाओं के प्रति उनका जुड़ाव व समझ मजबूत होगी.
विजेता बच्चों को मिलेगा विशेष पुरस्कार
प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रत्येक स्कूल से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 10 बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा. इसके अतिरिक्त, पूरे कोडरमा जिला से चुने गए 10 सबसे उत्कृष्ट और रचनात्मक प्रतिभागियों को विशेष महा-पुरस्कार प्रदान किया जाएगा.
बारिश में भी खराब नहीं होगी राखी
सावन के मौसम में बारिश के कारण राखी भीगने या खराब होने की चिंता को देखते हुए डाक विभाग ने विशेष वाटरप्रूफ लिफाफों की व्यवस्था की है. ये लिफाफे कोडरमा प्रमंडल के 1 मुख्य डाकघरों, 7 उप डाकघरों और 77 शाखा डाकघरों के काउंटर पर उपलब्ध रहेंगे. डाक विभाग ने इस पूरी विशेष सेवा का कुल शुल्क मात्र 70 रुपये निर्धारित किया है. वहीं, दस रूपये में वाटरप्रूफ लिफाफा, 55 रूपये में स्पीड पोस्ट और 5 रूपये विविध व्यवस्था शुल्क तय की गयी है.
अलग से बनाये जायेंगे विशेष काउंटर
त्योहार के दौरान होने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सभी प्रमुख डाकघरों में विशेष काउंटर बनाए जाएंगे. साथ ही, राखियों की समय पर और सुरक्षित डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए डाक विभाग द्वारा एक समर्पित विशेष टीम तैनात की जाएगी.
ALSO READ : झारखंड सरकार का बड़ा फैसला, ‘मंईयां सम्मान दिवस’ पर एक साथ मिलेगा योजना का पैसा
