Koderma: अगस्त माह में जिला परिषद की ओर से कई विकास योजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास किया जाएगा. इसमें झुमरी तिलैया के सीएच स्कूल रोड में बनी 36 दुकानों का शुभारंभ किया जाएगा. लगभग 1 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से बनी ये दुकानें स्थानीय दुकानदारों के लिए रोजगार के नए अवसर खोलेंगी. वहीं कोडरमा में SDO कार्यालय के निकट पूर्व DC कार्यालय परिसर को जिला परिषद कार्यालय के रूप में विकसित करने की स्वीकृति मिल चुकी है. लगभग 8 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन का शिलान्यास भी अगस्त माह में किया जाएगा.
70 करोड़ की योजनाओं से हुए विकास कार्य
जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव ने बताया कि पिछले चार वर्षों के कार्यकाल में केंद्र एवं राज्य प्रयोजित लगभग 70 करोड़ रुपये की योजनाओं के माध्यम से जिले की 105 पंचायतों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, नाली, हाट, बाजार और पंचायत भवन जैसे विकास कार्य कराए गए हैं. उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में उत्कृष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव एवं डीडीसी रवि जैन को 20 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की. वर्तमान में 80 पंचायत भवनों का रंग-रोगन एवं जीर्णोद्धार कराया गया है. इसके अलावा मरकच्चो में दो, डोमचांच में एक, कोडरमा में एक तथा चंदवारा में एक नए पंचायत भवन का निर्माण लगभग एक-एक करोड़ रुपये की लागत से कराया गया है.

विवाह भवन, मार्केट कॉम्प्लेक्स और अन्य योजनाओं पर होगा काम
उन्होंने बताया कि सिंचाई योजना के तहत जिला परिषद के 12 सदस्यों के माध्यम से लगभग 50 लाख रुपये की लागत से सोलर पंप उपलब्ध कराए गए हैं. चालू वित्तीय वर्ष में 26 उप-स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण 55-55 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है, जिनमें 11 पूर्ण हो चुके हैं तथा 15 पर कार्य जारी है. 36 हाई मास्ट लाइट भी 8-8 लाख रुपये की लागत से लगाई जा रही हैं. जयनगर, मरकच्चो और बासोडीह के पांच हाट-बाजारों का लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण किया गया है. झुमरी तिलैया में तिलैया थाना के सामने साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत से मार्केट कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है. चंदवारा में भूमि उपलब्ध होने के बाद लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से विवाह भवन का निर्माण कराया जाएगा. वहीं नवलशाही में लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से 30 दुकानों तथा बगड़ो में लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से 70 दुकानों का निर्माण कराया जाएगा. इसके अलावा जिले में सड़क, नाली, फाइबर ब्लॉक, तालाबों के जीर्णोद्धार एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य भी कराए जाएंगे.
ALSO READ: बस ड्राइवर के घर से 28.50 करोड़ नकद और 15 किलो सोना बरामद, जाने चालक से सिंडिकेट मैनेजर बनने का सफर
