NewsWave Desk: बस ड्राइवर के घर से 28.50 करोड़ नकद और 15 किलो सोना बरामद होने का मामला सामने आया है. झारखंड से सटे पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के मोहम्मदबाजार में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 28.50 करोड़ रुपये नकद और 15 किलो सोना जब्त किया है. इस मामले में पुलिस ने प्रसिद्ध पत्थर कारोबारी टुल्लू मंडल के मैनेजर व कारोबारी मिनार मंडल को गिरफ्तार कर लिया है. रातभर चली इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद जब्त की गई भारी नकदी और सोने को सीलबंद ट्रंकों में भरकर ट्रेजरी भेज दिया गया है, जबकि आरोपी के मकान को पूरी तरह सील कर दिया गया है. गिरफ्तार मिनार मंडल को सिउड़ी अदालत में पेश किया गया है.
डकैती के आरोपियों की निशानदेही पर पड़ा छापा
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस पूरी कार्रवाई की शुरुआत मंगलवार को हुई जब पुलिस ने डकैती के एक अन्य मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था. कड़ाई से की गई पूछताछ के दौरान आरोपियों से मिले गुप्त इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने देर रात मिनार मंडल के ठिकाने पर छापेमारी की. घर की तलाशी के दौरान पुलिस अधिकारी उस वक्त दंग रह गए जब छह बड़े ट्रंकों और दो अलमारियों से नोटों की गड्डियां और सोने की ईंटें और आभूषण बरामद हुए. बीरभूम के एसपी विदित राज बुंदेश ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में मिनार मंडल ने स्वीकार किया है कि बरामद की गई यह बेनामी संपत्ति टुल्लू मंडल के अवैध व आपराधिक सिंडिकेट से जुड़ी हुई है.
जाने बस चालक से ‘सिंडिकेट मैनेजर’ बनने का सफर
स्थानीय निवासियों के अनुसार, मिनार मंडल का अतीत बेहद सामान्य रहा है. कुछ साल पहले तक वह उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम में एक बस चालक के रूप में कार्यरत था. लगभग चार साल पहले उसने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली और पत्थर कारोबारी टुल्लू मंडल के सिंडिकेट से जुड़ गया. इसके बाद उसे रायपुर स्थित डुप्लीकेट चालान रसीद के प्रबंधन की जिम्मेदारी दी गई. इलाके में मिनार मंडल की छवि एक साधारण कर्मचारी और साफ-सुथरे व्यक्ति की बनी हुई थी, जिसके पीछे इतना बड़ा अवैध साम्राज्य चल रहा था. फिलहाल मुख्य आरोपी टुल्लू मंडल फरार है और पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है.
हमें नहीं पता था घर में इतना धन है, बेटे का दावा
गिरफ्तार मिनार मंडल के बेटे ने मीडिया के सामने अपना पक्ष रखते हुए दावा किया कि बरामद सोना और नकदी उनके परिवार की नहीं है.उसने कहा यह पूरा धन और सोना टुल्लू मंडल ने हमारे घर पर रखवाया था. हमारे परिवार को इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि घर के अंदर इतनी बड़ी मात्रा में नकदी और आभूषण मौजूद हैं.
100 करोड़ की शादी और बॉलीवुड कनेक्शन फिर चर्चा में
इस विशाल बरामदगी के बाद वर्ष 2024 में हुई टुल्लू मंडल की बेटी की आलीशान शादी एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है. सूत्रों के मुताबिक, इस शादी में लगभग 100 करोड़ रूपया का भारी-भरकम खर्च किया गया था. इस भव्य समारोह में बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज कलाकारों के अलावा बॉलीवुड अभिनेता अरबाज खान और अभिनेत्री जरीन खान जैसे बड़े सितारे भी शामिल हुए थे। अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस सिंडिकेट का पैसा मनोरंजन जगत या अन्य बड़े आयोजनों में खपाया जा रहा था.

राजनीतिक हलचल और सरकार का रुख
इस कार्रवाई के बाद प्रदेश में राजनीतिक पारा भी चढ़ गया है। राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और अवैध कमाई के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी संसाधनों की लूट करने वालों या सत्ता के संरक्षण में अवैध संपत्ति जमा करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ : कोडरमा: ट्रेन में अकेला मिला 14 वर्षीय बालक, TTE राकेश कुमार की सतर्कता से हुई घर वापसी
