Koderma: ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) 2026-27 के प्रभावी और सहभागी निर्माण को लेकर मरकच्चो प्रखंड सभागार में ग्राम पंचायत फैसिलिटेशन टीम (GPFT) का दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न हुआ. प्रशिक्षण का आयोजन 29 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक किया गया.
पंचायत विकास योजना तैयार करने की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण का संचालन ब्लॉक रिसोर्स टीम (BRT) द्वारा किया गया. टीम में प्रखंड समन्वयक शशि कुमार यादव, सहायक अभियंता बादल दास विधाता और मुखिया मास्टर ट्रेनर नीता कुमारी शामिल रहे. प्रशिक्षण में जामू, चोपनाडीह, पूरनानगर, दशारोखुर्द, सिमरिया, पपलो, महूगांय और तेलोडीह ग्राम पंचायतों के GPFT सदस्यों ने हिस्सा लिया.
GPDP निर्माण की प्रक्रिया से कराया गया अवगत
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने की चरणबद्ध प्रक्रिया, 16वें वित्त आयोग के दिशा-निर्देश, ग्राम सभा की भूमिका, सहभागी योजना निर्माण, पंचायत उन्नति सूचकांक (PAI), विकास स्थिति रिपोर्ट (DSR), संसाधन मानचित्रण और विभिन्न विभागीय योजनाओं के अभिसरण की जानकारी दी गई. इसके अलावा ई-ग्रामस्वराज पोर्टल पर योजना प्रविष्टि, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण योजना निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई.

समूह चर्चा और व्यावहारिक अभ्यास के जरिए दिया गया प्रशिक्षण
ब्लॉक रिसोर्स टीम ने व्यावहारिक अभ्यास, समूह चर्चा और प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से प्रतिभागियों की समस्याओं का समाधान किया. पंचायत स्तर पर स्थानीय जरूरतों के अनुसार समावेशी और मजबूत ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया.
समय पर गुणवत्तापूर्ण योजना तैयार करने का आह्वान
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर सभी GPFT सदस्यों से अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में ग्राम सभाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने की अपील की गई.इस अवसर पर प्रखंड एवं पंचायत स्तर के संबंधित पदाधिकारी, कर्मी और ग्राम पंचायत फैसिलिटेशन टीम के सदस्य मौजूद रहे.
ALSO READ: बस ड्राइवर के घर से 28.50 करोड़ नकद और 15 किलो सोना बरामद, जाने चालक से सिंडिकेट मैनेजर बनने का सफर
