सिमडेगा: नीति आयोग के केंद्रीय जिला प्रभारी ने आकांक्षी जिला सिमडेगा एवं बांसजोर प्रखंड का किया व्यापक निरीक्षण

Simdega/Bansjor: आकांक्षी जिला कार्यक्रम एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत संचालित विकास योजनाओं की प्रगति का आकलन करने के लिए गुरुवार को...

आयुष्मान आरोग्य मंदिर का केंद्रीय जिला प्रभारी व उप आयुक्त ने किया निरीक्षण

Simdega/Bansjor: आकांक्षी जिला कार्यक्रम एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत संचालित विकास योजनाओं की प्रगति का आकलन करने के लिए गुरुवार को नीति आयोग के केंद्रीय जिला प्रभारी विजय रंजन व उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी ने बांसजोर प्रखंड का व्यापक निरीक्षण किया. इस दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा वितरण व्यवस्था का स्थलीय जायजा लिया गया.

आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों से केंद्रीय जिला प्रभारी ने किया संवाद 

निरीक्षण की शुरुआत गिनीकेरा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र से हुई. यहां केंद्रीय जिला प्रभारी विजय रंजन ने बच्चों से संवाद किया और स्वयं उन्हें पूरक पोषण आहार परोसा. उन्होंने आंगनबाड़ी सेविका, एलएस एवं जिला समाज कल्याण पदाधिकारी के साथ पोषण, प्रारंभिक बाल शिक्षा, वृद्धि निगरानी तथा सामुदायिक सहभागिता पर चर्चा की. साथ ही पोषण ट्रैकर में दर्ज लाभार्थियों के आंकड़ों की शुद्धता और समय पर अद्यतन करने के निर्देश दिए.

जन-केंद्रित सेवाएं निरंतर उपलब्ध कराने का निर्देश

इसके बाद एनक्यूएएस प्रमाणित आयुष्मान आरोग्य मंदिर, बोंगेरा का निरीक्षण किया गया. प्रसव कक्ष, औषधि भंडार, फार्मेसी, ओपीडी सहित विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का अवलोकन करते हुए उन्होंने स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना की. स्वास्थ्यकर्मियों को राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप जन-केंद्रित सेवाएं निरंतर उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया. इसके अलावा एसएस प्लस-2 उच्च विद्यालय, बांसजोर में उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से भी संवाद किया. छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास तथा कौशल आधारित शिक्षा अपनाने के लिए प्रेरित किया.

उन्होंने विज्ञान प्रयोगशाला, ICT लैब और व्यावसायिक शिक्षा प्रयोगशालाओं का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए अपने प्रशासनिक अनुभव साझा किए. उन्होंने सीपैट (CPAT), रांची में संचालित निःशुल्क कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों की जानकारी भी दी और अधिकाधिक नामांकन के लिए प्रेरित किया. साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.

बैठक में विकास से जुड़े संकेतकों की विस्तार से की गई समीक्षा

दौरे का समापन समीक्षा बैठक के साथ हुई, जिसमें स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, आधारभूत संरचना एवं सामाजिक विकास से जुड़े संकेतकों की विस्तार से समीक्षा की गई. बैठक में बांसजोर के प्रखंड विकास पदाधिकारी, आकांक्षी प्रखंड फेलो तथा विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे. विजय रंजन ने बांसजोर में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना करते हुए प्रखंड प्रशासन और पूरी टीम के प्रयासों की प्रशंसा की तथा सभी विभागों से विकास संकेतकों में और बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने का आह्वान किया.

यह भी पढ़ें: कॉलेज बचाने के लिए कोडरमा में हुंकार, 10 अगस्त से हड़ताल और तालाबंदी का एलान

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *