Ranchi: NEET-PG 2026 परीक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने रांची के चार परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू करने का फैसला लिया है. यह आदेश 30 अगस्त 2026 को सुबह 6 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक प्रभावी रहेगा. परीक्षा के दौरान किसी तरह की परेशानी या कानून-व्यवस्था की स्थिति न बने, इसके लिए परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में BNSS की धारा-163 के तहत प्रतिबंध लगाया गया है.

इन गतिविधियों पर रहेगी रोक
निषेधाज्ञा के दौरान परीक्षा केंद्र के आसपास पांच या उससे अधिक लोगों के एक जगह जमा होने पर रोक रहेगी. इसके अलावा लाउडस्पीकर या किसी अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्र के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी. हथियार, बंदूक, राइफल, रिवॉल्वर, बम, बारूद और अन्य घातक सामान लेकर चलने पर भी प्रतिबंध रहेगा. लाठी-डंडा, तीर-धनुष, भाला, गड़ासा जैसे पारंपरिक हथियार लेकर चलने पर भी रोक रहेगी. इस दौरान परीक्षा केंद्र के आसपास किसी तरह की बैठक या सभा करने की भी अनुमति नहीं होगी. सरकारी ड्यूटी में तैनात अधिकारी-कर्मचारी इस आदेश के दायरे से बाहर रहेंगे.
Read Also: हजारीबाग: पार्किंग नहीं तो सड़क ही सही! बैंक के सामने वाहनों का जमावड़ा, हादसे को दे रहा न्योता
रांची में यहां बनाए गए हैं परीक्षा केंद्र
NEET-PG 2026 की परीक्षा रांची में इन चार स्थानों पर होगी—
- RTCIT, आनंदी, ओरमांझी
- अरुणिमा टेक्निकल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, सामलोंग, लोअर चुटिया
- ICube Digital, इरबा, मेडांता अस्पताल के पास
- ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, ओल्ड एचबी रोड, रांची

