जनजातीय गरिमा उत्सव के तहत नलिता पंचायत में जनसुनवाई, उपायुक्त ने ग्रामीणों को शिक्षा और जनभागीदारी का दिया संदेश

Chakradharpur: पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत जनजातीय गरिमा उत्सव-2026 “जन भागीदारी – सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान के तहत चक्रधरपुर प्रखंड की दूरस्थ...

Nalita Panchayat
नलिता पंचायत में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित

Chakradharpur: पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत जनजातीय गरिमा उत्सव-2026 “जन भागीदारी – सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान के तहत चक्रधरपुर प्रखंड की दूरस्थ पंचायत नलिता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सविता टोपनो, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं स्थानीय मुखिया की मौजूदगी में भाग लिया. इस दौरान उपायुक्त ने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद करते हुए हो भाषा में सभी का अभिवादन किया तथा “जन भागीदारी – सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान के उद्देश्यों को साझा किया. उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की समस्याओं का समाधान उनकी सहभागिता से हो और उनकी आवाज प्रशासन तक पहुंचे.

उपायुक्त ने ग्रामीणों से की बच्चों को विद्यालय भेजने की अपील

जनसंवाद के दौरान उपायुक्त ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए. उन्होंने ग्रामीणों को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की. उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और सम्मानजनक जीवन का आधार है. साथ ही उपायुक्त ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और मंईयां सम्मान योजना से जुड़ी महिलाओं से समूह बनाकर आकस्मिक निधि तैयार करने तथा बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए अभी से बचत शुरू करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि सरकार उच्चतर शिक्षा के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है, लेकिन अभिभावकों की पहल बच्चों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.

उपायुक्त ने ग्रामीणों को नवाचारों की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने प्रत्येक महीने की 8 एवं 24 तारीख को आयोजित रक्तदान शिविर तथा 6 एवं 18 तारीख को संचालित आहार दिवस की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया. साथ ही बाल संरक्षण, किशोरी स्वास्थ्य देखभाल, विद्यालयों में तिथि भोजन एवं जन्मोत्सव कार्यक्रम, पंचायत दिवस, गृह प्रवेश दिवस, बाल संवाद और सखी संवाद जैसे नवाचारों की जानकारी भी दी गई.

इस अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं दवाइयों की जानकारी ली तथा स्वयं भी स्वास्थ्य जांच करवाया. अंत में उपस्थित ग्रामीणों को देश के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और समाज के उत्थान में सक्रिय भागीदारी की शपथ दिलाई गई.

यह भी पढ़ें: मॉनसून से पहले एक्शन मोड में रांची नगर निगम, बड़े नालों से हटाई जा रही गाद

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *