Ranchi: बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या से राहत दिलाने के लिए रांची नगर निगम ने शहरभर में विशेष सफाई अभियान तेज कर दिया है. आगामी मॉनसून को देखते हुए निगम द्वारा बड़े नालों, नालियों और जल निकासी तंत्र की युद्धस्तर पर सफाई कराई जा रही है, ताकि बारिश के समय पानी का बहाव बाधित न हो और शहरवासियों को परेशानी का सामना न करना पड़े. नगर निगम की टीमों द्वारा लगातार विभिन्न वार्डों में जेसीबी मशीन और अन्य संसाधनों की मदद से नालों में जमा गाद, प्लास्टिक और कचरे को हटाया जा रहा है. सफाई अभियान के दौरान निकाले जा रहे कचरे का तुरंत उठाव भी सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे दोबारा नालियां जाम न हों.

हरमू नदी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर किया गया सफाई कार्य
अभियान के तहत वार्ड संख्या 23 स्थित हिंदपीढ़ी के हरमू नदी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सफाई कार्य किया गया. यहां जेसीबी मशीन की सहायता से नाले में जमी गाद और कचरे को हटाकर जल प्रवाह को सुचारु बनाया गया. वहीं वार्ड संख्या 40 के ओल्ड विधानसभा क्षेत्र एवं सेक्टर-3 मार्केट के समीप नालों की विशेष सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया गया.
इसी तरह वार्ड संख्या 05 के बांधगाड़ी क्षेत्र में अवरुद्ध नालों की सफाई कर पानी के बहाव को सामान्य किया गया, जबकि वार्ड संख्या 32 में भी बड़े नाले की व्यापक सफाई अभियान चलाया गया. निगम अधिकारियों के अनुसार मॉनसून से पहले संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और सफाई कार्य लगातार जारी रहेगा.
सफाई टीमों को नियमित मॉनिटरिंग और त्वरित कार्रवाई के निर्देश
नगर निगम ने सभी सफाई टीमों को नियमित मॉनिटरिंग और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. साथ ही नागरिकों से अपील की गई है, कि वे नालियों और नालों में कचरा, प्लास्टिक या निर्माण सामग्री न फेंकें, ताकि जल निकासी व्यवस्था बाधित न हो. निगम ने कहा है कि यदि किसी क्षेत्र में नाला जाम, जल निकासी बाधित होने या सफाई संबंधी समस्या हो तो नागरिक टोल फ्री नंबर 1800-570-1235 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं. निगम का लक्ष्य मॉनसून के दौरान शहर को जलजमाव मुक्त और स्वच्छ बनाए रखना है.
यह भी पढ़ें: चक्रधरपुर में अतिक्रमण प्रभावित दुकानदारों के पुनर्वास की दिशा में नगर परिषद् की बड़ी पहल
