Ranchi : झारखंड के मध्य और दक्षिणी हिस्से में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने जानकारी दी है कि अगले 3 घंटों के भीतर राजधानी रांची, गुमला और लोहरदगा जिलों के कुछ इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी. बारिश के साथ ही इन इलाकों में थंडरिंग की भी प्रबल संभावना है. इस दौरान सतह पर हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है. विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
अगले कुछ दिनों तक राज्य के उत्तर पश्चिमी हिस्से को छोड़कर शेष भागों में गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा. 9 और 10 मई को हवा की रफ्तार बढ़कर 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. जिससे गर्मी से राहत तो मिलेगी लेकिन सुरक्षा के लिहाज से सावधानी बरतनी जरूरी है.
येलो अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र ने आने वाले कुछ दिनों के येलो अलर्ट जारी किया है. जहां राज्य के उत्तर पश्चिमी हिस्से को छोड़कर सभी इलाके में बारिश, थंडरिंग की संभावना है. 10 मई तक हवा की गति कुछ जिलों में 60 किमी प्रति घंटा रहने की संभावना है. ऐसे में लोगों को सर्तक रहने की चेतावनी दी गयी है.

