Ranchi : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने सोमवार को तमाड़ स्थित ऐतिहासिक मां सोलहभुजी दिउड़ी मंदिर में सपरिवार विशेष पूजा-अर्चना की. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां का आशीर्वाद लेकर उन्होंने राज्य की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की. उनके साथ तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा और कई झामुमो कार्यकर्ता भी मौजूद रहे.
राज्य के मुद्दे को मजबूती से उठायेंगे
पूजा के बाद मीडिया से बातचीत मे सांसद ने कहा कि यह मंदिर उनकी गहरी आस्था का केंद्र है और वह हर शुभ कार्य से पहले यहां आते हैं. उन्होंने शीर्ष नेतृत्व और जनता का आभार जताते हुए संकल्प लिया कि वे राज्यसभा में झारखंड के हक और जनहित से जुड़े मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ उठाएंगे. सांसद के इस दौरे को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. बुंडू डीएसपी ओम प्रकाश और तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मुस्तैद रहा.



