Newswave Desk: फिल्म ‘धुरंधर’ में अपने अभिनय से चर्चा बटोरने वाले राकेश बेदी अब एक नए अंदाज में नजर आ रहे हैं. राकेश ने अभिनेत्री नोरा फतेही (Nora Fatehi) के साथ नए म्यूजिक वीडियो ‘या बाबा’ में डांस किया है, जिसे सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है.
हाल ही में T-Series ने ‘या बाबा’ गाना रिलीज किया है. इस गाने में नोरा फतेही अपने शानदार डांस और ग्लैमरस अंदाज से फैंस का दिल जीत रही हैं. गाने में अरबी म्यूजिक और जोशीले बीट्स का खास इस्तेमाल किया गया है, जो लोगों को खूब पसंद आ रहा है.

‘धुरंधर’ के बाद फिर राकेश बेदी सुर्खियों में
नोरा के साथ राकेश बेदी की मौजूदगी ने भी गाने को खास बना दिया है. ‘धुरंधर’ में जमील जमाली के किरदार से सुर्खियों में आए राकेश बेदी (Rakesh Bedi) ने अपने डांस से गाने में अलग ही रंग भर दिया है. गाने को लेकर सोशल मीडिया पर फैंस जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, “आग लगा दी.” वहीं दूसरे ने कहा, “नोरा फतेही और टी-सीरीज का शानदार कॉम्बिनेशन.” कई यूजर्स ने राकेश बेदी के डांस की भी तारीफ की है.
‘या बाबा’ गाने को मशहूर गायिका शिल्पा राव (Shilpa Rao) ने अपनी आवाज दी है. इसकी कोरियोग्राफी अलीशा सिंह ने की है. वहीं नोरा फतेही ने संजॉय और वायु के साथ मिलकर इसके बोल भी लिखे हैं, जबकि संगीत संजॉय ने तैयार किया है.


