-
करमटोली के प्रोफेसर कॉलोनी की घटना, आरोपी हरियाणा का निवासी, नामकुम में है तैनात
Ranchi: राजधानी के लालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रोफेसर कॉलोनी (करमटोली) में शुक्रवार को कॉलेज से घर लौट रही 23 वर्षीय एक आदिवासी छात्रा के साथ छेड़खानी और उसे जबरन अगवा करने के प्रयास का एक गंभीर मामला सामने आया है. हालांकि, पीड़िता की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की तत्परता से आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया. पकड़ा गया आरोपी सेना (RAJRIF) का जवान बताया जा रहा है, जो वर्तमान में नामकुम में कार्यरत है. मामले में छात्रा के बयान पर लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.

यह भी पढ़ें: रांची: बायोमेट्रिक गड़बड़ी पर जेएसएससी अलर्ट मोड में, एएनएम अभ्यर्थियों को फिर बुलाया गया
पीछे से आकर छात्रा को दबोचा, शोर मचाने पर जुटे लोग
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, छात्रा शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU), मोरहाबादी से पढ़ाई कर अपने घर लौट रही थी. जैसे ही वह करमटोली स्थित प्रोफेसर कॉलोनी के पास पहुंची, घात लगाए सेना के जवान ने पीछे से आकर उसे जबरन पकड़ लिया. अश्लील हरकत करते हुए अपहरण करने का प्रयास करने लगा. अचानक हुए इस हमले से घबराई छात्रा ने जब शोर मचाना शुरू किया, तो उसकी आवाज सुनकर स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत जुट गए.
यह भी पढ़ें: लोहरदगा में शर्मनाक हरकत, ‘पढ़ने में जीरो हो’ कहकर टीचर ने 7 साल के मासूम को बेरहमी से पीटा
लोगों ने घेराबंदी कर सेना के जवान को पकड़ा
ग्रामीणों को आते देख आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया. पूछताछ में आरोपी की पहचान विनय (पिता: जयप्रकाश) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जिला भिवानी, हरियाणा का रहने वाला है. आरोपी वर्तमान में रांची के नामकुम स्थित Unit-11 RAJRIF में जीडी (General Duty) के पद पर तैनात है.
