रांचीःआदिवासी सीटों पर परिसीमन के बहाने बंधु तिर्की ने BJP को लिया आड़े हाथों, कहा, भ्रष्टाचार की शुरुआत बाबूलाल मरांडी ने की

Ranchi: झारखंड की सियासत में एक बार फिर आदिवासी अस्मिता और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर सियासी पारा चढ़ता नजर आ रहा है....

Ranchi
आदिवासी सीटों पर परिसीमन को लेकर बंधु तिर्की का BJP पर हमला

Ranchi: झारखंड की सियासत में एक बार फिर आदिवासी अस्मिता और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर सियासी पारा चढ़ता नजर आ रहा है. पूर्व शिक्षा मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता बंधु तिर्की के तेवरों ने राज्य के राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है. आगामी आदिवासी महाजुटान रैली के मद्देनजर हुंकार भरते हुए बंधु तिर्की ने परिसीमन के नाम पर आदिवासी सीटों को घटाए जाने की साजिश का विरोध किया है. साथ ही, जेपीएससी और जेएसएससी घोटालों को लेकर मुख्य विपक्षी दल बीजेपी और पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी पर सीधा हमला बोलते हुए उन्हें भ्रष्टाचार का मुख्य सूत्रधार करार दिया है.

आदिवासी सीटों के संरक्षण की मांग

कांग्रेस नेता बंधु तिर्की ने स्पष्ट किया कि राज्य में आदिवासी महाजुटान रैली की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं. सभी कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं. रैली के बाद राज्य के सभी जिलों का दौरा किया जाएगा और परिसीमन के मुद्दे पर गहन चर्चा होगी. उन्होंने कहा कि हम परिसीमन के विरोधी नहीं हैं, लेकिन 2011 की जनगणना के आधार पर आदिवासी सीटों के घटने की सुगबुगाहट किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. आदिवासी सीटें घटने के बजाय बढ़नी चाहिए ताकि राजनीति में इस समाज का प्रतिनिधित्व कमजोर न हो. इसके लिए राज्य के सभी दलों को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए.

सर्वदलीय बैठक और राहुल गांधी से मुलाकात का प्लान 

बंधु तिर्की ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से विशेष आग्रह किया है कि इस गंभीर मसले पर जल्द से जल्द एक सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि परिसीमन को लेकर तैयार किए जा रहे ड्राफ्ट को देश के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के सामने रखा जाएगा. इसके अलावा, विपक्ष के नेता और केंद्रीय कानून मंत्री से भी मुलाकात कर आदिवासियों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की गुहार लगाई जाएगी. इस राष्ट्रीय स्तर की रैली में देश भर के तमाम दिग्गज आदिवासी नेता शामिल होंगे.

 बाबूलाल मरांडी पर साधा निशाना 

जेपीएससी-जेएसएससी घोटाला पर बंधु तिर्की ने पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी पर निशाना साधा. उन्होंने दावा किया कि झारखंड में भ्रष्टाचार की नींव बाबूलाल मरांडी के कार्यकाल में ही डाली गई थी. उन्होंने कहा कि जेएसएससी में हुए घोटालों की वजह से तत्कालीन अध्यक्ष दिलीप प्रसाद को जेल जाना पड़ा था, जो उस समय आरएसएस से जुड़े मुख्य व्यक्ति थे. तिर्की ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार की शुरुआत करने वाले बाबूलाल मरांडी हैं, इसलिए सबसे पहले उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद जेपीएससी मामलों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं, कई गिरफ्तारियां भी हो चुकी हैं और जांच तेजी से आगे बढ़ रही है.

बीजेपी पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप

बीजेपी पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि भगवा पार्टी युवाओं की हितैषी होने का सिर्फ ढोंग करती है. बीजेपी नेता केवल सुर्खियों में बने रहने के लिए प्रदर्शन करते हैं, लेकिन जब विधानसभा के पटल पर जनता के मुद्दों पर बोलने की बारी आती है, तो वे सदन के भीतर पूरी तरह चुप रहते हैं. झारखंड की भोली-भाली जनता को गुमराह करने और राज्य को बर्बाद करने की साजिश रची जा रही है, जिसे कांग्रेस और गठबंधन सरकार कभी कामयाब नहीं होने देगी.

ALSO READ:बिहार की सियासत में उबाल: तेज प्रताप की गिरफ्तारी पर भड़के तेजस्वी, सरकार को अल्टीमेटम

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *