Ranchi:गर्मी के मौसम में पेयजल और बिजली की समस्याओं को लेकर रांची जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने आज पेयजल एवं स्वच्छता विभाग और विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर साफ निर्देश दिया कि आम लोगों को पानी और बिजली की सुविधा में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

विस्तार से समीक्षा की गयी
बैठक में जिले के खराब पड़े नलकूपों और जलमीनारों की मरम्मत कार्य की विस्तार से समीक्षा की गई. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि मरम्मत से जुड़ी सभी शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग और ट्रैकिंग के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके. उन्होंने “अबुआ साथी” पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर विशेष जोर दिया. उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सभी सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. इसके लिए संबंधित विभागों को बेहतर समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया.
कार्यों में तेजी लाने का निर्देश
जल जीवन मिशन के तहत चल रही एसवीएस और एमवीएस योजनाओं की समीक्षा करते हुए डीसी ने कार्यों में तेजी लाने और तय समय सीमा के भीतर योजनाओं को पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि किसी भी योजना के क्रियान्वयन में बाधा आने पर तुरंत जिला प्रशासन को अवगत कराया जाए ताकि समय रहते समाधान किया जा सके. विद्युत व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया. उन्होंने विशेष रूप से स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली-पानी की उपलब्धता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए.
समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश
बिजली बिल संबंधी शिकायतों पर भी उपायुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित और निष्पक्ष समाधान होना चाहिए. साथ ही विभागीय कर्मियों को आम लोगों के साथ संवेदनशील और शिष्ट व्यवहार करने का निर्देश दिया गया. बैठक में मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना (MUJY) के तहत जिले में बिजली आपूर्ति तंत्र को मजबूत बनाने के लिए चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सभी योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर देते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
