Ranchi: रांची में आयोजित तीन दिवसीय रांची जिला शतरंज चैंपियनशिप-2026 का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया. झारखंड चैम्बर भवन में आयोजित इस प्रतियोगिता में 240 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिताओं में अब तक की सबसे बड़ी भागीदारी का रिकॉर्ड कायम किया. प्रतियोगिता में 4 वर्ष के नन्हे खिलाड़ियों से लेकर 74 वर्ष तक के प्रतिभागियों ने अपनी रणनीतिक क्षमता का प्रदर्शन किया. समापन समारोह में खेल निदेशक छवि रंजन और झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा मुख्य रूप से उपस्थित रहे. इस दौरान खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया तथा विभिन्न वर्गों के विजेताओं के बीच कुल 15,500 रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की गई.

यह भी पढ़ें: अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में दिखेगा रांची के खिलाड़ियों का हुनर
बीसी त्रिपाठी को ओवरऑल चैंपियन का खिताब
प्रतियोगिता में बीसी त्रिपाठी ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया. वहीं बिरंची सिन्हा को सर्वश्रेष्ठ वेटरन खिलाड़ी, आयुष्मान राज को सबसे कम उम्र के बाल खिलाड़ी और शानवी सिन्हा को सबसे कम उम्र की बालिका खिलाड़ी के सम्मान से नवाजा गया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खेल निदेशक छवि रंजन ने कहा कि शतरंज मानसिक विकास, धैर्य और निर्णय क्षमता को मजबूत करने वाला खेल है. उन्होंने खिलाड़ियों की रिकॉर्ड भागीदारी को राज्य में बढ़ते शतरंज प्रेम का सकारात्मक संकेत बताया. वहीं आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि खेल युवाओं को नई दिशा देने का सशक्त माध्यम है और चैम्बर भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को सहयोग देता रहेगा. रांची डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन के महासचिव नवजोत अलंग ने बताया कि 6 से 12 जुलाई 2026 तक रांची में अंडर-9 राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी. इसे राज्य के लिए गौरवपूर्ण अवसर बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन की तैयारियां जल्द शुरू की जाएंगी.
यह भी पढ़ें: रसूखदारों के गुर्गे होने का धौंस, पुलिस पर भी रांची में हो रहे हैं लगातार हमले
