Ranchi: बुंडू थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत के नवरात्रि टोली स्थित गोराई किराना दुकान में शुक्रवार को आग लगने से हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया. बताया जा रहा है कि किराना दुकान के ठीक बगल में सटी हुई गली में लगे बिजली बोर्ड में शॉर्ट सर्किट होने के बाद आग लगी, जिसकी चपेट में गली में खड़ी दो बाइक और दुकान के बाहर रखा सामान आ गया. आग तेजी से फैलने के कारण दुकान में रखे दो फ्रिज और कई पेटियां भी आग की चपेट में आ गईं.
काफी मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई. आनन-फानन में दमकल वाहन को बुलाया गया. स्थानीय प्रशासन और दमकल कर्मियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. घटना में दुकान संचालक सनथ गोराई को हजारों रुपये के सामान का नुकसान होने की बात कही जा रही है. वहीं, आग की चपेट में आने से दो बाइक भी जलकर राख हो गईं. फिलहाल आग से हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: बोकारो: 80 लाख की लागत से बदलेगी पुरानी पाइपलाइन, DVC ने शुरू किया काम
