Ranchi: झारखंड पुलिस मुख्यालय ने पुलिसकर्मियों के कल्याण और परोपकारी कोष के लिए मासिक अंशदान की दरों में बढ़ोतरी की है. यह नई दरें 1 नवंबर 2024 से ही प्रभावी मानी जाएंगी. इस संबंध में पुलिस उप-महानिरीक्षक (बजट) द्वारा सभी क्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, उप-महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षकों और समादेष्टाओं को एक पत्र जारी कर कड़ाई से नियम पालन करने का निर्देश दिया गया है.

यह भी पढ़ें: आदिवासी युवाओं को तकनीक और रोजगार से जोड़ेगा ‘आदिनिवास’ ऐप, 25 मई को सीएम हेमंत सोरेन करेंगे लॉन्च
वेतन से कटौती की नई दरें
जारी आदेश के अनुसार, पुलिसकर्मियों के पदों के आधार पर कटौती की राशि को संशोधित किया गया है. आरक्षी से हवलदार तक पहले इसके लिए 60 रुपए की कटौती होती थी, जिसे बढ़ाकर अब 90 रुपए कर दिया गया है. सहायक अवर निरीक्षक से पुलिस अवर निरीक्षक तक पूर्व में निर्धारित 120 रुपए की जगह अब 150 रुपए महीने कटेंगे. प्रोन्नत पुलिस उपाधीक्षक (DSP) से प्रोन्नत अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) तक पहले की दर 180 रुपए थी, जिसे अब बढ़ाकर 210 रुपए प्रति माह कर दिया गया है.
हर महीने तय कटौती की राशि पुलिस मुख्यालय भेजने के निर्देश
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि कई जिलों, इकाइयों और संस्थानों द्वारा पुलिस शिक्षा कोष, परोपकारी कोष और पुलिस सहायता एवं कल्याण कोष के लिए तय की गई मासिक कटौती की राशि पुलिस मुख्यालय को नहीं भेजी जा रही है. इसके बावजूद, उन क्षेत्रों के संबंधित लाभार्थियों को इन कोषों से लगातार अनुदान का भुगतान किया जा रहा है, जिससे फंड के प्रबंधन में भारी कठिनाई आ रही है. आदेश में सख्त चेतावनी दी गई है कि सभी इकाइयां अनिवार्य रूप से हर महीने तय कटौती की राशि मुख्यालय की लेखा शाखा को उपलब्ध कराएं. यदि ऐसा नहीं किया गया, तो भविष्य में संबंधित जिले या इकाई के लाभार्थियों को मिलने वाले अनुदान के भुगतान पर रोक लगा दी जाएगी.
यह भी पढ़ें: आदिवासी समागम’ केवल इवेंट मैनेजमेंट, भाजपा की नीयत में खोट: कांग्रेस
